महानदी का रौद्र रूप, गांव में घुसा बाढ़ का पानी
स्थिति उस वक्त गंभीर हो गई, जब गांव के बीचों-बीच जलभराव बढ़ने से एक ही परिवार के 06 सदस्य अपने घर में चारों तरफ से पानी से घिर गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। आरंग एसडीएम अभिलाषा पैकरा, तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे और थाना प्रभारी हरीश साहू दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन ने SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) की टीम को बुलाया। तेज बहाव और बढ़ते जलस्तर के बीच SDRF की टीम ने मोर्चा संभाला और परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला।
सुबह ही दी गई थी बाढ़ की चेतावनी
जानकारी के अनुसार, जलभराव की चपेट में आया परिवार निसदा गांव निवासी सियाराम साहू का है। बुधवार सुबह जब महानदी का जलस्तर बढ़ना शुरू हुआ, तो ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सियाराम साहू और उनके परिवार को समय रहते घर खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी थी।
हालांकि, परिवार ने शुरुआत में स्थिति की गंभीरता को नहीं समझा और घर छोड़ने से इनकार कर दिया। कुछ ही घंटों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ गया और पूरा मकान चारों तरफ से पानी से घिर गया। इसके बाद परिवार के लोगों के बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया।
पंचायत प्रतिनिधियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
एक परिवार के बाढ़ में फंसने के बीच स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया। महानदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गांव के सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक ने समय रहते मोर्चा संभाला।
पंचायत टीम ने खतरे की स्थिति वाले निचले इलाकों के 12 घरों से 42 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकालकर राहत शिविरों और ऊंचे स्थानों पर पहुंचाया।
अगर पंचायत टीम समय पर कदम नहीं उठाती, तो बाढ़ की चपेट में आने वाले लोगों की संख्या और बढ़ सकती थी।
मौके पर प्रशासनिक अमला तैनात, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
निसदा गांव में पानी घुसने और परिवार के फंसने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला तुरंत सक्रिय हुआ। एसडीएम, तहसीलदार और थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ के पानी का बहाव तेज होने के कारण सामान्य नावों से रेस्क्यू करना जोखिम भरा था। इसलिए SDRF की विशेषज्ञ टीम और मोटर बोट को तत्काल बुलाया गया।
टीम के पहुंचते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और सियाराम साहू के परिवार के सभी 6 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एहतियात के तौर पर गांव में मुनादी कराई गई है। साथ ही महानदी के तटवर्ती इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं।

Facebook Conversations