दुर्ग। निवेश पर हर महीने 10 प्रतिशत लाभ दिलाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये निवेश कराने वाले गिरोह के मामले में पुलिस ने HDFC बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर राजकुमार तिवारी (37) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बैंक में अपने पद का फायदा उठाकर बड़े रकम वाले खाताधारकों की जानकारी हासिल की और उन्हें गोल्ड ETF में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया।
मामले की शुरुआत सेक्टर-7 भिलाई निवासी प्रार्थी राजू नामदेव की शिकायत से हुई। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें प्रतिमाह 10 प्रतिशत लाभांश देने का भरोसा दिलाया और अन्य ग्राहकों के बैंक स्टेटमेंट दिखाकर निवेश योजना को विश्वसनीय बताया। इसके बाद प्रार्थी ने 21 मार्च 2025 को 15 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर किए।
शुरुआत में प्रार्थी को कुछ समय तक लाभांश की राशि मिलती रही, लेकिन बाद में भुगतान बंद हो गया। रकम वापस मांगने पर लगातार आश्वासन दिया जाता रहा। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को पता चला कि अन्य निवेशकों से भी इसी तरह बड़ी रकम ली गई थी।
विवेचना के दौरान निवेशकों मोहम्मद रफी, साधना मिश्रा, शिबा शेख समेत अन्य के बयान लिए गए। बैंक खातों और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच में राजकुमार तिवारी की भूमिका सामने आई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर रहते हुए बड़े रकम वाले खाताधारकों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद उन्हें गोल्ड ETF में निवेश और 10 प्रतिशत मासिक लाभ का झांसा दिया जाता था। निवेशकों से चेक लेकर रकम मुख्य आरोपी योगेश साहू के खाते में जमा की जाती थी। वहीं, शुरुआती दौर में निवेशकों का भरोसा बनाए रखने के लिए लाभांश की रकम राजकुमार तिवारी अपने खाते से देता था।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सुपेला पुलिस ने राजकुमार तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी एस.एन. सिंह, उनि धनेश्वर साहू, आरक्षक कमल साहू और प्रदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता और संबंधित संस्था की पूरी जानकारी जांच लें। असामान्य या निश्चित रूप से बहुत अधिक रिटर्न का लालच देने वाली योजनाओं में बिना सत्यापन पैसा जमा न करें।

Facebook Conversations