दुर्ग पुलिस का बड़ा अभियान: गैंग हिस्ट्रीशीटरों पर कड़ी नजर, 50 का बाउंड ओवर और एमसीयू
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने और जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए दुर्ग पुलिस ने गैंग हिस्ट्रीशीटरों और आदतन बदमाशों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। अभियान के दौरान करीब 50 गैंग हिस्ट्रीशीटरों का बाउंड ओवर और एमसीयू कराया गया। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड और मौजूदा गतिविधियों से जुड़ी जानकारियों का सत्यापन कर पुलिस अभिलेखों को अपडेट किया गया।

पुलिस के मुताबिक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सक्रिय और स्थाई गैंग हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना और अपराधों की पुनरावृत्ति पर अंकुश लगाना है। कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्तियों के आपराधिक रिकॉर्ड, वर्तमान गतिविधियों और अन्य आवश्यक जानकारियों का सत्यापन किया गया।

दुर्ग पुलिस द्वारा गैंग हिस्ट्रीशीटरों के संपर्क में रहने वाले संबंधित लोगों की गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। हिस्ट्रीशीट और अन्य पुलिस रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट किए जाने से बदमाशों की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी पुलिस के पास उपलब्ध रहेगी। इससे किसी संभावित अपराध को रोकने और समय रहते वैधानिक कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

पुलिस के अनुसार दुर्ग जिले में अब तक करीब 2100 आदतन बदमाशों और गैंग हिस्ट्रीशीटरों का एमसीयू कराया जा चुका है। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार बाउंड ओवर की कार्रवाई के साथ उनकी गतिविधियों की सतत निगरानी जारी रहेगी।

अभियान के दौरान संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने गैंग हिस्ट्रीशीटरों की पहचान, चेकिंग, रिकॉर्ड सत्यापन, एमसीयू और बाउंड ओवर की कार्रवाई को समन्वित रूप से अंजाम दिया।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आसपास किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि अपराध नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा के लिए आदतन बदमाशों एवं गैंग हिस्ट्रीशीटरों पर निगरानी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations