बालोद - बालोद जिले के ग्राम इरागुड़ा के रहने वाले राजेंद्र कुमार निषाद ने मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए गुरुवार को पैदल यात्रा की शुरुआत की। उन्हें मां वैष्णो देवी की यात्रा के लिए रवाना करते वक्त विधायक कुंवर सिंह निषाद समेत समाज के लोग मौजूद रहे।
राजेंद्र कुमार निषाद ने गुरुवार को पहले गुंडरदेही में स्थित मां चंडी मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर यहां से अपनी यात्रा के लिए पैदल निकले। राजेंद्र कुमार की उम्र 46 वर्ष है और अपनी मनोकामना पूर्ण होने के बाद वे दूसरी बार माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पैदल निकले हैं। राजेंद्र कुमार ने बताया कि इससे पहले वर्ष 2018 में भी उन्होंने अपने गृह ग्राम से माता वैष्णो देवी के दरबार के लिए पैदल यात्रा शुरू की थी, जिसमें वे सफल रहे थे।

संसदीय सचिव ने बताया समाज का गौरव
संसदीय सचिव और गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद, उनकी पत्नी दंतेश्वरी निषाद के साथ भारी जनसमूह और जस मंडली ने राजेंद्र कुमार निषाद को उनकी वैष्णो देवी यात्रा के लिए रवाना किया। विधायक ने कहा कि राजेंद्र निषाद हमारे समाज के गौरव हैं, माता की शक्ति उनके व्यवहार में झलकती है। वे हम सभी को निरंतर प्रेरित कर रहे हैं कि अगर मन में माता के प्रति भक्ति हो, आस्था हो, तो कोई भी काम कठिन नहीं होता है।

आराम से गुजर जाता है दिन- राजेंद्र
पैदल यात्री राजेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि मां वैष्णो देवी के आशीर्वाद से उनकी ये यात्रा काफी आसान हो जाती है। रास्ते में लोग उनके भोजन-पानी की सब व्यवस्था करते हैं, कहीं पर भी कोई दिक्कत नहीं होती। उनके हाथों में मां का ध्वज रहता है, तो मां के आशीर्वाद से लंबे रास्ते का पता ही नहीं चलता। उन्होंने बताया कि लगभग 60 से 65 दोनों का समय उन्हें वैष्णो देवी दर्शन के लिए जाने में लगता है। वे दुर्ग से कवर्धा, मंडला, जबलपुर होते हुए दिल्ली और उसके बाद वैष्णो देवी मंदिर तक पहुंचने के लिए आगे का सफर तय करते हैं।

Facebook Conversations