तखतपुर में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर गोबर फेंकने से आक्रोश, 5 दिन का अल्टीमेटम... गिरफ्तारी नहीं तो चक्काजाम...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

तखतपुर। बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग स्थित लाखासर मोड़ के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर अज्ञात असामाजिक तत्व द्वारा गोबर फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बहुजन समाज में भारी आक्रोश है। जानकारी मिलते ही समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रतिमा के पास धरना देकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, अज्ञात व्यक्ति ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के चेहरे सहित पूरी प्रतिमा पर गोबर फेंका। बहुजन समाज के लोगों ने इस कृत्य को महापुरुष के अपमान और सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपी की पहचान कर तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।

5 दिन का अल्टीमेटम, गिरफ्तारी नहीं तो चक्काजाम

बहुजन समाज पार्टी तखतपुर के महासचिव अखिलेश कोशले ने घटना पर कड़ा आक्रोश जताते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अपमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि 5 दिनों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

अखिलेश कोशले ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो बहुजन समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

फिलहाल बहुजन समाज के लोगों का धरना और विरोध प्रदर्शन जारी है। पुलिस प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और आरोपी की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की जा रही है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations