कर्ज से परेशान होकर युवक ने की खुदकुशी...
त्वरित ख़बरें

 जशपुर- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में कर्ज से परेशान होकर एक 30 वर्षीय युवक ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली| पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेजा है |पुलिस मामले की जांच कर रही है| यह घटना बगीचा थाना क्षेत्र के घुघरी गांव की है |

दरअसल, मृतक अमीर राम पिता फूलचंद अपने घर में था| अचानक उसे उल्टियां शुरु हो गईं और उसके मुंह से झाग निकलने लगा| मृतक के पिता फूलचंद ने सबसे पहले इसे देखा और एम्बुलेंस को फोन करके मदद की गुहार लगाई |एम्बुलेंस आते ही युवक को गंभीर हालत में बगीचा अस्पताल लाया गया, जहां लगभग एक घंटे के इलाज के बाद युवक ने दम तोड़ दिया |

मृतक के पिता फूलचंद ने बताया कि उसके बेटे पर निजी बैंक से लगभग एक लाख साठ हजार का कर्ज था, जिसको लेकर वह काफी परेशान था |अलग-अलग समूहों से तीस हजार, 50 हजार व 80 हजार के कर्ज तले वह दबा हुआ था, जिसकी वसूली के लिए समूह के लोग उसे रोजाना परेशान कर रहे थे |पिछले दो दिन पहले भी समूह द्वारा कर्ज की वसूली के लिए उस पर दबाव भी बनाया गया था. तब से वह मानसिक रुप से प्रताड़ित हो रहा था |

मृतक अमीर राम के पिता ने बताया कि अमीर शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं|  बांस का काम करके अपना जीवन यापन करते हैं| कई बार कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने भी अमीर की मदद की है |इस बार कर्ज की राशि अधिक होने के कारण वे उसकी मदद नहीं कर पाए |उनके पास कोई बड़ी जमीन जायदाद भी नहीं है| बगीचा पुलिस मामले में मर्ग कायम कर विवेचना में जुटी हुई है |

बगीचा थाना प्रभारी एसके सोनवानी ने बताया, इस मामले में प्रथम दृष्टया जहर से मौत की बातें सामने आई है| कर्ज को लेकर तनाव की बात अब तक सामने नहीं आई है| विवेचना के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा| पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है |

YOUR REACTION?

Facebook Conversations