कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने भीमकन्हार के थोक अनाज  व्यापारियों के गोदामों का किया निरीक्षण...
त्वरित ख़बरें - सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

बालोद जिले में धान की अवैध खरीदी, बिक्री की रोकथाम हेतु प्रशासनिक अमले द्वारा की जा रही है सतत निगरानी...

बालोद  : कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार बालोद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य के अंतर्गत धान की अवैध खरीदी बिक्री पर रोकथाम सुनिश्चित करने हेतु प्रशासन के आला अधिकारियों एवं जाँच दल में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा कोचियों तथा धान के थोक एवं फुटकर व्यापारियों के गोदामों की निरंतर जाँच की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ग्राम भीमकन्हार में दो थोक व्यापारियों के गोदामों में पहुँचकर वहाँ रखे गए धान का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर एवं अधिकारियों ने ग्राम भीमकन्हार के थोक व्यापारी गौतमचंद जैन एवं  सुभाष जैन के गोदामों में पहुँचकर जिला खाद्य अधिकारी, मण्डी सचिव एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के साथ गोदाम में रखे गए धान का निरीक्षण किया गया। इस दौरान गौतमचंद जैन के भीमकन्हार स्थित गोदाम के निरीक्षण के दौरान ऑनलाईन पोर्टल स्टाॅक एवं रजिस्टर का मिलान करने पर 2360 क्विंटल धान स्टाॅक में होना पाया गया। लेकिन मौके पर गोदाम में उपलब्ध धान का स्टाॅक एवं ऑनलाईन पोर्टल से मिलान करने पर 1146 कट्टा (458.40 क्विंटल) धान पाया गया। जो कि ऑनलाईन पोर्टल स्टाॅक एवं पंजी में दर्ज धान की मात्रा से 4754 कट्टा (1901.60 क्विंटल) कम है।कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने एसडीएम डौण्डीलोहारा शिवनाथ बघेल एवं अधिकारियों को इसका समुचित जांच कर तत्काल कार्रवाई प्रतिवेदन प्रस्तुत कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा के निर्देशानुसार एसडीएम बघेल एवं अधिकारियों द्वारा व्यवसायी गौतम चंद जैन द्वारा अपने गोदाम में रखे गए धान के संबंध में जांच की कार्रवाई की गई। एसडीएम डौण्डीलोहारा शिवनाथ बघेल ने बताया कि व्यवसायी गौतम चंद जैन को इस संबंध में जानकारी लिए जाने पर उनके द्वारा राजनांदगांव कृषि उपज मंडी में फर्म ओम अर्हम राईस इंड को 03 हजार कट्टा, बीजाभांट को 885 कट्टा तथा फर्म विद्या विशुद्ध पैडी प्रोसेसर को खुरसुनी को 904 कट्टा धान विक्रय करने की जानकारी दी है। अधिकारियों द्वारा इस संबंध में व्यवसायी गौतमचंद जैन को दस्तावेज मांगे जाने पर उनके द्वारा किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज उपलब्ध नही कराया गया। ऐसी स्थिति में जाँच दल द्वारा व्यवसायी गौतमचंद जैन के द्वारा बिना दस्तावेज के 4754 कट्टा धान को अन्यत्र बिक्री करने या धान को किसी भी धान उपार्जन केन्द्र में खपाने की पूर्ण संभावना मानते हुए उनके गोदाम में रखे गए 1146 कट्टा धान सहित उनके दो गोदामों को सील करने की कार्रवाई की गई। एसडीएम बघेल ने बताया कि वर्तमान में संपूर्ण बालोद जिले में एस्मा लागू है ऐसी स्थिति में उक्त प्रतिष्ठान पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई किया जाना उचित नही है।इसी तरह कलेक्टर के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर आशीष पेंद्रों एवं मंडी निरीक्षक एवं पटवारी के द्वारा ग्राम भीमकन्हार के व्यवसायी सुभाष जैन के भीमकन्हार स्थित गोदाम का भी निरीक्षण किया गया। जाँच दल के अधिकारियों के द्वारा व्यापारी सुभाष चंद जैन को अपने गोदाम में रखे गए धान की मात्रा के संबंध में जानकारी लिए जाने पर उन्होंने गोदाम में 940 कट्टा धान रखे जाने की जानकारी दी। जांच दल के अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान गोदाम में 984 कट्टा धान पाया गया। इस तरह से जांच अधिकारियों के द्वारा सुभाष चंद जैन के गोदाम के ऑनलाईन पोर्टल स्टाॅक एवं रजिस्टर में मिलान करने पर कुल 17.60 क्विंटल धान अधिक पाया गया। जाँच अधिकारियों ने गोदाम में मिले अतिरिक्त 17.60 क्विंटल जप्ती की कार्रवाई की है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations