खैरागढ़ के दनिया पुल पर बड़ा हादसा टला: बाढ़ में बह गई कार, पेड़ के सहारे लटके 5 दोस्त, TI ने पानी में कूदकर बचाई जान...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

 खैरागढ़। जिले के दनिया पुल पर शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। बाढ़ के तेज बहाव में एक स्विफ्ट कार बह गई, जिसमें सवार पांच दोस्तों की जान पेड़ के सहारे अटकी रही। गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले ने जान पर खेलकर सभी को सुरक्षित बचा लिया।

जानकारी के अनुसार 25 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे रायपुर से कान्हा-किसली घूमने जा रहे 5 दोस्तों की कार CG 04 PV 5636 दनिया पुल पर पहुंची। बाढ़ के खतरे को देखते हुए पुलिस ने पुल पर स्टॉपर लगाए थे। आरोप है कि चालक ने स्टॉपर को टक्कर मारकर कार को आगे बढ़ा दिया और कार तेज बहाव में बहकर नदी के बीच फंस गई।

सूचना मिलते ही गंडई पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले तेज बारिश और अंधेरे में खुद पानी में उतर गए और रेस्क्यू शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पांचों - कमलेश साहू, कुबेर साहू, निहाल सक्सेना, महक कौर और प्रीति रात्रे को सुरक्षित निकाला गया। सभी रायपुर-भिलाई के रहने वाले हैं। सभी को गंडई स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया।

एसपी लक्ष्य शर्मा ने कहा, "थाना प्रभारी गंडई ने रात में पानी में कूदकर पांच लोगों को डूबने से बचाया।"

YOUR REACTION?

Facebook Conversations