भिलाई ,भीषण गर्मी के बीच पानी और बिजली की समस्या से जूझ रहे लोगों की परेशानियों को लेकर भिलाई नगर विधायक Devendra Yadav एक्शन मोड में नजर आए। सेक्टर-5 स्थित अपने कार्यालय में आयोजित जनभेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान विधायक ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
जनभेंट कार्यक्रम में सबसे ज्यादा शिकायतें जल संकट को लेकर सामने आईं। खुर्सीपार और छावनी क्षेत्र से पहुंचे करीब 50 से अधिक महिला-पुरुषों ने विधायक को बताया कि उनके इलाके में पिछले कई दिनों से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। लोगों ने कहा कि क्षेत्र में नई पानी टंकी का निर्माण कार्य काफी समय से चल रहा है, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही और धीमी कार्यप्रणाली के कारण काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है। टंकी शुरू नहीं होने से लोगों को पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई मोहल्लों में लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जबकि गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है।
इस पर विधायक देवेंद्र यादव ने नाराजगी जाहिर करते हुए निगम जोन-4 के अधिकारियों को फोन पर जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गर्मी के मौसम में लोगों को पानी के लिए परेशान होना किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल नियमित रूप से पानी के टैंकर भेजे जाएं और जहां आवश्यकता हो वहां पाइपलाइन विस्तार का कार्य भी प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्या के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के कोहका और कुरूद इलाके से पहुंचे लोगों ने बिजली कटौती की समस्या विधायक के सामने रखी। लोगों ने बताया कि बिजली विभाग बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों बिजली बंद कर देता है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों को भी फटकार लगाई और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक बिजली कटौती तुरंत बंद की जाए और यदि किसी कारणवश बिजली बंद करनी पड़े तो लोगों को पहले सूचना दी जाए। विधायक ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इसके अलावा जनभेंट कार्यक्रम में राशन कार्ड, श्रम कार्ड, पेंशन, सहायता राशि, स्कूलों में बच्चों के प्रवेश तथा महतारी वंदन योजना से जुड़ी समस्याएं भी लोगों ने विधायक के सामने रखीं। विधायक देवेंद्र यादव ने सभी मामलों में संबंधित विभागों से समन्वय कर जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का निराकरण उनकी पहली प्राथमिकता है और आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

Facebook Conversations