जिले के 20 बाजार स्थल पर ग्रामीणों का होता है निःशुल्क इलाज
त्वरित ख़बरें -दन्तेवाड़ा में अब तक 89,024 मरीजों का किया गया उपचार

दन्तेवाड़ा 13 अप्रैल । दूरस्थ व दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना बेहद लाभकारी साबित हो रही हैं। लोग अब बाजार स्थल में भी उपचार की सुविधा प्राप्त कर रहे हैं। जिले के तीन विकासखण्डों के चिन्हांकित 20 हाट-बाजारों में आवश्यक दवाईयों एवं उपकरणों के साथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर लगाकर  ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण, उनका उपचार एवं दवाई का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। 

जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गिरीश शर्मा ने बताया, “ ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना जिले के सभी प्रमुख क्षेत्रों में संचालित हो रही  है, जिसके तहत चिकित्सकों द्वारा बाजार में ही निश्चित स्थल पर स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों का मौसमी सर्दी-खांसी-बुखार, दर्द, मलेरिया, पेचिश, दस्त, उल्टी, रक्त अल्पता, कमजोरी, ब्लड प्रेशर, मधुमेह, आदि बीमारियों की जांच, उपचार व चिकित्सकीय परामर्श के साथ ही टीबी एवं कैंसर के संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग भी की जा रही है। इस योजना के तहत जिले में कुल 20 हाट बाजारों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवा का लाभ प्रदान किया जा रहा है। परीक्षण के उपरांत उन्हें तत्काल निःशुल्क दवाओं का भी वितरण किया जाता है। शिविर में आए मरीजों को गंभीर रोग होने की स्थिति में मुख्यालय अथवा अन्य बड़े अस्पतालों के लिए रेफेर भी किया जाता है। ”

योजना की शुरुआत से अब तक 1,860 जांच शिविर लगे

जिले में मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना में 19 जून 2019 से 31 मार्च 2022 तक 1,860 जाँच शिविर लगाए गए हैं जिसमें कुल 89,024 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। इनमे से 51,335 ग्रामीणों का लैब जांच किया गया वहीं 435 गम्भीर मरीजों को इलाज हेतु रेफेर किया गया। आंकड़ों के अनुसार प्रत्येक बाजार वार औसत 48 मरीजों को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ प्रदान किया गया है।

इन बाजारों में मिल रही क्लीनिक की सुविधा

मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना से जिले के अंतिम छोर के गांव तक भी स्वास्थ्य सुविधा की पहुँच सुलभ हो गई है, जिसका लाभ ग्रामीणों को मिल रहा है। वर्तमान में जिले के दन्तेवाड़ा विकासखण्ड के दन्तेवाड़ा, बचेली, मेटपाल, भांसी पोंदुम वकावंडगाँव, गीदम विकासखण्ड के गीदम , बारसूर, बड़े तूमनार, छिंदनार, बोदली, फरसपाल वचेरपाल में,कुआकोंडा विकासखण्ड के नकुलनार, पालनार, किरन्दुल व पोटाली तथा कटेकल्याण विकासखंड के कटेकल्याण, सुफ़नार और मोखपाल में साप्ताहिक बाजार के दिन बाजार स्थल पर मरीजों का इलाज स्वास्थ्य शिविर लगाकर किया जा रहा हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations