दुर्ग, 12 जुलाई। दुर्ग पुलिस द्वारा "जन मित्र" पहल के अंतर्गत मेघगंगा ग्रुप एवं स्पर्श अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में नई पुलिस लाइन, थगड़ा बांध में रविवार को एक दिवसीय मेगा मेडिकल कैम्प का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम ने वृक्षारोपण एवं फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण काउंटरों का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में जिला पुलिस बल, सशस्त्र पुलिस बल, नगर सेना, एसडीआरएफ., सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों तथा उनके परिवारजनों सहित कुल 843 हितग्राहियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श किया गया।
शिविर में 22 विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। NABL प्रमाणित लाइफ केयर डायग्नोस्टिक सेंटर द्वारा पैथोलॉजी जांच, संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र एवं दंत परीक्षण के साथ विभिन्न सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर DGP अरुण देव गौतम ने कहा कि पुलिसकर्मी लगातार चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं, इसलिए उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का विशेष महत्व है। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, योग और व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर देते हुए ऐसे स्वास्थ्य शिविरों को पुलिस कल्याण की दिशा में अत्यंत उपयोगी बताया।
पुलिस महानिरीक्षक (IG) दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य ने कहा कि पुलिसकर्मियों की अनियमित दिनचर्या के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं। ऐसे शिविर गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक पहचान के साथ स्वस्थ और कार्यक्षम पुलिस बल के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि पुलिसकर्मियों के साथ सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को भी इस शिविर में शामिल किया गया, ताकि सभी को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े।
कार्यक्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर, प्रशांत सिंह पैकरा, सत्यप्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक चंद्र प्रकाश तिवारी, भारती मरकाम, आकर्षि कश्यप, सेनानी नगर सेना नागेन्द्र सिंह, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

Facebook Conversations