दुर्ग-भिलाई में चोरियों का खुलासा: कपड़ा बेचने के बहाने करते थे रेकी, मेरठ से आरोपी गिरफ्तार
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग और भिलाई ,में दिनदहाड़े सूने मकानों में हो रही चोरी की घटनाओं को दुर्ग पुलिस ने चुनौती के रूप में लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना सुपेला और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और लगातार निगरानी के आधार पर अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मेरठ से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 400 ग्राम सोना, जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा 3 लाख 50 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। कुल बरामद मशरूका 63 लाख 50 हजार रुपये का बताया गया है।

पुलिस के अनुसार नेहरू नगर और दुर्ग क्षेत्र में लगातार दिन के समय सूने मकानों में चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल और उसके आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी विश्लेषण और संदिग्ध गतिविधियों की जांच के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर थाना सुपेला और एसीसीयू की संयुक्त टीम मेरठ और दिल्ली रवाना की गई।

मेरठ पहुंचकर पुलिस ने आरोपी हासीम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि उन्होंने बिलासपुर से एक्टिवा वाहन खरीदकर दुर्ग और भिलाई क्षेत्र में कई दिनों तक रेकी की थी। आरोपी चोरी से पहले रायपुर के मोदहापारा इलाके में किराये का मकान लेकर रह रहे थे। वहां से वे दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और नया रायपुर जैसे शहरों में घूम-घूमकर फेरीवाले के रूप में कपड़े और कालीन बेचने का काम करते थे। इसी बहाने वे उन घरों की पहचान करते थे, जिनके बाहर ताला लगा होता था और जहां लोग मौजूद नहीं होते थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी के दौरान गिरोह का एक सदस्य मकान के बाहर निगरानी करता था, जबकि दूसरा सदस्य घर के अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। आरोपी दिन के समय वारदात करते थे ताकि लोगों को उन पर शक न हो। चोरी के बाद आरोपी सोने और अन्य कीमती सामान को मेरठ ले जाकर बेच देते थे। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि चोरी का सोना मेरठ के सलीम ज्वेलर्स को बेचा जाता था। इसके बाद पुलिस ने ज्वेलरी दुकान संचालक सलीम खान को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने सलीम खान के कब्जे से करीब 400 ग्राम सोना और लाखों रुपये नगद बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी केवल दुर्ग और भिलाई तक सीमित नहीं थे, बल्कि उन्होंने तिफरा बिलासपुर, नया रायपुर और मध्यप्रदेश के जबलपुर में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेरठ निवासी हासीम खान और सलीम खान के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो अलग-अलग राज्यों में घूमकर सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं से आम लोग परेशान थे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations