छत्तीसगढ़ में 45 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान:भीषण गर्मी और लू जिलों में अलर्ट, तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
त्वारित ख़बरें

छत्तीसगढ़ में रविवार से सूरज की तपिश और ज्यादा बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर और बिलासपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है। शुक्रवार को तिल्दा और सक्ती दोनों जगह 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर का तापमान 42 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि आज भी कई जिलों में शाम तक बारिश की संभावना जताई गई है।

इन जिलों को रहना होगा अलर्ट
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 21 मई को बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर, बलौदाबाजार, दुर्ग और रायपुर में लू चलने की संभावना है। इसी तरह 22 मई को कोरबा, मुंगेली और बिलासपुर जिले में लू का अलर्ट जारी किया गया है।

आज कई जगहों पर होगी हल्की बारिश
राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में शुक्रवार को तपती गर्मी के बाद मौसम में अचानक बदलाव देखा गया। शुक्रवार को बादल छाए रहे। और हवाएं चलने लगी। इसके बाद तेज बारिश भी हुई। हालांकि ये बारिश कुछ ही देर तक हुई। लेकिन थोड़ी ही देर में इसने लोगों को तरबतर कर दिया।

आज भी मौसम में कुछ इसी तरह रहने का अनुमान लगाया गया है। दोपहर बाद प्रदेश के कई जिलों में अंधड़,गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तरी छत्तीसगढ़ में उत्तर-पश्चिम से गर्म हवाएं आ रही हैं। इसलिए यहां अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवा आने के कारण तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations