रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त श्री संबित मिश्रा ने सोमवार को नगर निगम जोन-1 खमतराई स्थित पानी टंकी परिसर के जोन कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सीटीयू अभियान के तहत कबाड़ एवं अनुपयोगी सामग्रियों के निष्पादन के लिए की जा रही कार्रवाई का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने जोन अधिकारियों को कबाड़ सामग्रियों को नियमानुसार नीलाम करने की प्रक्रिया के तहत नगर निगम की मोटर कर्मशाला में भेजने के निर्देश दिए। जोन-1 कार्यालय द्वारा परिसर में वर्षों से रखी लगभग 35 साइकिलें महिला एवं बाल विकास विभाग को तथा करीब 27 व्हीलचेयर हमर अस्पताल को उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। शेष कबाड़ सामग्रियों को भी नियमानुसार नीलामी के लिए भेजने की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही अन्य अनुपयोगी सामग्रियों के निष्पादन की कार्रवाई भी की जा रही है।
गर्मी से पहले जलागार निर्माण पूरा करने के निर्देश
आयुक्त श्री मिश्रा ने जोन-1 क्षेत्र के गुढ़ियारी स्थित दीक्षा नगर में निर्माणाधीन जलागार का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और अगले वर्ष गर्मी शुरू होने से पहले जलागार का निर्माण पूरा कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गोंदवारा ब्रिज के पास बाजार व्यवस्थापन की तैयारी
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने गोंदवारा ब्रिज के पास स्थित क्षेत्र का भी जायजा लिया। उन्होंने यहां बाजार व्यवस्थापन के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि क्षेत्र में व्यवस्थित बाजार व्यवस्था विकसित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान जोन-1 के जोन कमिश्नर श्री अंशुल शर्मा सीनियर, कार्यपालन अभियंता श्री द्रोनी कुमार पैकरा, सहायक अभियंता श्री शरद देशमुख सहित नगर निगम के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Facebook Conversations