भिलाई में PDS चावल तस्कर ने व्यापारी को दी धमकी:दूसरे को चावल बेचने पर गाली-गलौज भी, थाने में शिकायत,
त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

दुर्ग जिले में पीडीएस चावल की तस्करी, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है। व्यापारी दीपक अग्रवाल ने छावनी थाने में शिकायत करते हुए बताया कि, चावल तस्कर सूरज साव के दोस्त ने उसे जान से मारने की धमकी दी है।

दीपक अग्रवाल ने बताया कि, पावर हाउस जलेबी चौक के पास उसकी गल्ले की दुकान है। जहां वो अनाज बेचने और खरीदने का काम करता है। कई लोग उसके यहां पीडीएस चावल लेकर आते हैं। बदले में अच्छी क्वालिटी का चावल लेकर जाते हैं।

व्यापारी ने अपनी शिकायत में क्या-क्या कहा ?

व्यापारी दीपक अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि, BJYM कैंप मंडल का पूर्व उपाध्यक्ष और भाजपा नेता सूरज साव पीडीएस चावल की तस्करी का काम करता है। उसकी गाड़ी भी कई बार वैशाली नगर, स्मृति नगर, सुपेला और पुलगांव थाने में पकड़ी गई है। सूरज साव ने अपनी सरकार होने की धमकी देकर उसे पूरा पीडीएस चावल देने का दबाव बनाया।

लेकिन दीपक ने चावल दूसरे तस्कर काके सरदार को बेच दिया। इससे सूरज नाराज हो गया और नवीन सिंह को बताई। नवीन ने दीपक अग्रवाल को फोन पर गाली-गलौज कर देख लेने की धमकी दी। इसके बाद दीपक की दुकान पहुंचकर गालियां भी दी। यह देख बाकी व्यापारियों ने नाराजगी दिखाई, तो नवीन बाइक लेकर चला गया।

पत्नी के साथ थाने पहुंचकर की शिकायत

घटना के बाद दीपक अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ छावनी थाने पहुंचा। उसने लिखित शिकायत कर छावनी थाना प्रभारी मोनिका पाण्डेय से FIR दर्ज करने की मांग की है। मोनिका पाण्डेय ने शिकायत दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही है, लेकिन रात भर थाने में बैठे रहने के बाद भी उसकी शिकायत नहीं लिखी गई। अब दीपक का कहना है कि वो रविवार को दोबारा शिकायत दर्ज कराने छावनी थाने जाएगा।

सत्ता सरकार की धमकी देकर कर रहा तस्करी

बता दें कि, सूरज साव का एक वीडियो कुछ दिनों पहले भी वायरल हुआ था। उसकी पीडीएस चावल से भरी गाड़ी को कुछ लोगों ने रोक लिया था। वहां कुछ पत्रकार भी पहुंचे थे। इससे सूरज इतने गुस्से में आ गया कि वो वीडियो में ही बोलने लगा कि कांग्रेस सरकार में जब पीडीएस चावल की तस्करी हो रही थी तब क्यों नहीं रोक लिए। भाजपा की सरकार है, विधानसभा उसका है। कौन क्या कर लेगा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations