अब मास्क नहीं
त्वरित खबरे - अब मास्क पर जुर्माना नहीं लेकिन इसका अर्थ ये नहीं कि आप सावधानी भी न रखें

रायपुर १३ अप्रैल राज्य सरकार ने कोरोना के केस बेहद कम होने के बाद अब आदेश जारी कर दिया है कि यदि कोई सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनता तो उस पर 500 रुपए जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले भी ऐसा एक आदेश जारी किया गया था लेकिन बाद में उसे वापस ले लिया गया था।

कोरोना शुरू होने के बाद नगर निगम ने पिछले दो सालों में मास्क नहीं पहनने वालों से 80 लाख रुपए से ज्यादा की पेनाल्टी वसूली है। कोरोना संक्रमण की शुरुआत में लोगों से 50 और 100 रुपए तक जुर्माना वसूला गया, लेकिन संक्रमण बढ़ने पर राज्य शासन ने 500 रुपए तक वसूलने का आदेश जारी किया। करीब सालभर तक निगम ने लोगों से इसी दर से जुर्माना वसूला।

मास्क को लेकर कई बार हाथापाई की नौबत आई

निगम के सभी जोनों ने स्वसहायता समूह की महिलाओं को जिम्मेदारी दी थी। महिलाओं ने प्रमुख सड़कों, बाजार, चौकों और सार्वजनिक जगहों पर लोगों से जुर्माना वसूला। इस दौरान उन्हें लोगों के कड़े विरोध का भी सामना करना पड़ा। कई बार तो स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई और लोगों के खिलाफ थाने में भी शिकायतें पहुंची।

इस दौरान लोगों ने भी कार्रवाई को लेकर आरोप लगाए कि ज्यादातर कार्रवाई मोटरसाइकिल चालकों और पैदल चलने वालों पर ही की गई, जबकि कारों में चलने वाले इस कार्रवाई से बाहर ही रहें। शासकीय और गैरशासकीय आयोजनों में भी मास्क को लेकर कार्रवाई नहीं किए जाने पर निगम प्रशासन को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations