कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के दबखेड़ी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब लोगों ने पानी के नाले में करीब 5 से 6 फुट लंबा मगरमच्छ देखा। आबादी के इतने करीब मगरमच्छ दिखाई देने से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है। लोगों ने अपने बच्चों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें नाले के आसपास ले जाना लगभग बंद कर दिया है। बताया जा रहा है कि नाले के किनारे बने डेरे में करीब 10 परिवार रहते हैं।
वन विभाग की टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही वन्य जीव विभाग की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोर प्रगट सिंह अपनी टीम के साथ नाले में उतरे और मगरमच्छ को पकड़ने के लिए बड़ा जाल बिछाया। कई घंटों तक पानी में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन मगरमच्छ टीम की पकड़ में नहीं आ सका। इसके बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और नाले के पास न जाने की सलाह दी है।
नहर के रास्ते गांव तक पहुंचा मगरमच्छ
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह नाला सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर और भाखड़ा नहर के जलमार्ग से जुड़ा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि मगरमच्छ इन्हीं नहरों के रास्ते तैरकर गांव तक पहुंचा। इस क्षेत्र में पहले भी मगरमच्छ दिखने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
पहले भी मिल चुका है मगरमच्छ
बताया गया कि बीते महीने की 16 तारीख को भी पास के नरकातरी गांव के नाले से करीब 6 फुट लंबा मगरमच्छ सुरक्षित पकड़ा गया था। ऐसे में एक बार फिर मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
डर के साए में जी रहे ग्रामीण
मगरमच्छ के अब तक न पकड़े जाने से गांव में खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने एहतियात के तौर पर अपनी दिनचर्या बदल दी है। लोग अब पशुओं को चराने या पानी पिलाने के लिए नाले की ओर नहीं ले जा रहे हैं, वहीं छोटे बच्चों को भी अकेले घर से बाहर निकलने से रोका जा रहा है। गांव के लोग अब वन विभाग द्वारा जल्द से जल्द मगरमच्छ को पकड़ने का इंतजार कर रहे हैं।

Facebook Conversations