दुर्ग, के शंकर नगर निवासी अश्वनी श्रीवास्तव की पुत्री दर्शिता श्रीवास्तव ने कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 85 प्रतिशत अंक हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दर्शिता ने डीएवी हिंदी माध्यम स्कूल से परीक्षा उत्तीर्ण कर यह सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि पर शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने गंजपारा स्थित कार्यालय में उन्हें कंप्यूटर सेट भेंट कर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन ही विद्यार्थियों को सफलता के उच्च शिखर तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि छात्र-छात्राएं आत्मविश्वास और समर्पण के साथ आगे बढ़ें, तो बड़ी से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। मंत्री ने दर्शिता की सफलता को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि शिक्षा आज के समय में सबसे बड़ी ताकत है और विद्यार्थी ही देश और समाज का भविष्य हैं।
उन्होंने दर्शिता को आगे की पढ़ाई पूरी लगन और मेहनत के साथ जारी रखने के लिए प्रेरित किया। इस सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने भी दर्शिता की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Facebook Conversations