बेमेतरा 15 जनवरी 2025:- समय सीमा कि बैठक उपरांत कलेक्टरेट दिशा सभाकक्ष मे जिले के सरकारी अधिकारियों को ई-डिस्ट्रिक्ट 2.0 पोर्टल से संबंधित जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी अंकिता गर्ग ने उपस्थित अधिकारियों को पोर्टल के सफल कार्यान्वयन हेतु जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-डिस्ट्रिक्ट 2.0 पोर्टल को आगामी दिनों में लाइव किया जाएगा। इसके लिए सभी सरकारी अधिकारियों को जल्द से जल्द अपना डिजिटल सिग्नेचर पंजीयन पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सेवाओं को ऑनलाइन माध्यम से प्रदान किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पुराने पोर्टल पर जो आवेदन लंबित हैं, उनका जल्द से जल्द निराकरण किया जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशिक्षण सत्र में यह भी बताया गया कि ई-डिस्ट्रिक्ट 2.0 पोर्टल डिजिटल इंडिया के उद्देश्यों को और सशक्त करेगा। नागरिक अपने आवेदनों को ऑनलाइन सबमिट कर सकेंगे और सभी सेवाओं का लाभ घर बैठे ही प्राप्त कर सकेंगे। इस नए पोर्टल के माध्यम से सेवाओं के वितरण में पारदर्शिता और तेजी लाई जाएगी।
इस अवसर पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर महेन्द्र वर्मा ने प्रशिक्षण का नेतृत्व करते हुए बताया कि यह नया पोर्टल आम नागरिकों को पहले से अधिक सुविधाजनक और तेज सेवाएं प्रदान करेगा। पोर्टल के माध्यम से आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र, दुकान स्थापना पंजीयन, भवन निर्माण अनुज्ञा, गुमास्ता पंजीयन, नल कनेक्शन, और पेंशन योजना जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस प्रशिक्षण सत्र का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था, कि सभी सरकारी उपयोगकर्ता इस नए पोर्टल की विशेषताओं और सेवाओं से भली-भांति परिचित हो सकें, जिससे भविष्य में सेवाओं का प्रबंधन बेहतर तरीके से हो सके।

Facebook Conversations