बेमेतरा में नाबार्ड द्वारा तैयार की गई संभावित ऋण योजना का विमोचन
त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

बेमेतरा, 27 जनवरी 2025:- नाबार्ड द्वारा बेमेतरा जिले के लिए तैयार की गई संभावित ऋण योजना (Potential Linked Credit Plan - PLP) का आज जिला कलेक्टर कार्यालय में औपचारिक विमोचन किया गया। इस कार्यक्रम में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक (डीडीएम)  अंशु गोयल, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) ठाकुर और कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। विमोचन के दौरान, डीडीएम नाबार्ड  अंशु गोयल ने इस दस्तावेज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस योजना में बेमेतरा जिले के प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों में ऋण की संभावनाओं का आकलन किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में कृषि, पशुपालन, मत्स्यपालन, लघु, मध्यम एवं सूक्ष्म उद्योग (MSME) और अन्य संबंधित क्षेत्रों में वित्तीय संस्थाओं द्वारा दिए जाने वाले ऋण की संभावनाओं का कुल अनुमान लगभग ₹3,250 करोड़ का किया गया है। यह योजना बैंकों और सरकारी विभागों को जिले की वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने में मार्गदर्शक सिद्ध होगी।

        एलडीएम ठाकुर ने बैंकों की भूमिका पर चर्चा करते हुए बताया कि बेमेतरा जिले में प्राथमिकता क्षेत्रों में ऋण प्रवाह को सुदृढ़ करने के लिए बैंकों और सरकारी विभागों के बीच समन्वय बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि PLP के माध्यम से बैंकों को प्राथमिकता क्षेत्रों में ऋण देने में मदद मिलेगी, जिससे किसानों और अन्य लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्राप्त होगी। कृषि विभाग के अधिकारियों ने इस योजना को किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल कृषि क्षेत्र को मजबूत करेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम के समापन पर जिला कलेक्टर कार्यालय की ओर से सभी उपस्थित अधिकारियों और नाबार्ड का धन्यवाद किया गया। साथ ही, इस योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित संस्थाओं से समर्पित प्रयासों की अपेक्षा की गई, ताकि जिले की आर्थिक और सामाजिक प्रगति को बढ़ावा मिल सके।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations