दुर्ग, में विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विवेकानंद सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिक निगम दुर्ग की महापौर अलका बाघमार एमआईसी सदस्यों, पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान महापौर अलका बाघमार ने माताओं का तिलक लगाकर सम्मान किया और उन्हें हेल्दी किट वितरित की। उन्होंने माताओं एवं उपस्थित नागरिकों को स्तनपान के महत्व, शिशु के स्वस्थ विकास और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
महापौर ने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए सर्वोत्तम, प्राकृतिक और संपूर्ण पोषण का महत्वपूर्ण आधार है। जीवन के शुरुआती दौर में स्तनपान शिशु के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि स्तनपान केवल शिशु के पोषण का माध्यम नहीं है, बल्कि मां और बच्चे के बीच मजबूत भावनात्मक जुड़ाव का आधार भी है। स्वस्थ जीवन की शुरुआत मां के दूध से होती है, इसलिए प्रत्येक परिवार और समाज को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना आवश्यक है।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए गर्भावस्था से लेकर शिशु के प्रारंभिक वर्षों तक उचित पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने माताओं से स्वयं के स्वास्थ्य का ध्यान रखने और बच्चों के बेहतर पोषण व देखभाल पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, माताएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Facebook Conversations