सुपेला में हथियार लहराकर फैला रहे थे दहशत, दुर्ग पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक बड़ा धारदार हथियार और एक चापड़ बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुपेला स्थित स्लॉटर हाउस के पास दो युवक हाथों में धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों और कचरा फेंकने वालों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान एस. जोसवा राज (22 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर, सुपेला तथा बी. डेविड (30 वर्ष), निवासी तेलगु पारा, सेक्टर-06, भिलाई के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके पास से एक बड़ा धारदार हथियार और एक चापड़ बरामद हुआ, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। बाद में न्यायालय में पेश करने पर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर लोगों में भय और आतंक का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे थे। दुर्ग पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर लोगों को डराता-धमकाता या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि करता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर दें, ताकि उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations