शराब के नशे में स्कूल पहुंचे प्रधानाध्यापक सस्पेंड: मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि, शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शराब के नशे में स्कूल पहुंचने के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विकासखंड दुर्गूकोंदल के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मंगहूर के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार बेलसरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को प्रधानाध्यापक के शराब के नशे में विद्यालय पहुंचने की शिकायत थाना प्रभारी बड़गांव से की गई थी। इसके बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया और मामले में FIR दर्ज की गई। सिविल हॉस्पिटल पखांजूर की मेडिकल लीगल रिपोर्ट (MLC) के अनुसार, प्रधानाध्यापक अपराह्न 3:45 बजे शासकीय कार्य अवधि के दौरान शराब के नशे में पाए गए।

शिक्षा विभाग ने जारी किया निलंबन आदेश

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कांकेर ने निलंबन का प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। इसके बाद संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बस्तर, जगदलपुर ने अशोक कुमार बेलसरिया को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत निलंबित करने का आदेश जारी किया।

नरहरपुर शिक्षा अधिकारी कार्यालय में रहेगा मुख्यालय

निलंबन अवधि के दौरान प्रधानाध्यापक का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, नरहरपुर जिला कांकेर निर्धारित किया गया है। उन्हें सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations