धान खरीदी की तैयारियों के लिए अगले 7 दिन अहम, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
त्वरित खबरें :भूमिका रिपोर्टिंग

राजनांदगांव। आगामी धान खरीदी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने अधिकारियों को अगले सात दिनों के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए खरीदी केंद्रों में सुविधाओं और व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जाए।

3 नवंबर को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने धान खरीदी की तैयारियों सहित विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदार और जनपद पंचायत सीईओ को आपसी समन्वय के साथ तैयारियों की नियमित निगरानी करने को कहा।

कलेक्टर ने विशेष ग्राम सभाओं में किसानों के दस्तावेजों और जरूरी जानकारियों का गंभीरता से सत्यापन करने के निर्देश दिए। साथ ही पिछले वर्ष धान बेचने के दौरान जिन किसानों को समस्याएं आई थीं, उनसे पहले ही संपर्क कर उनकी दिक्कतों का निराकरण करने को कहा।

अवैध धान परिवहन पर रहेगी निगरानी, राइस मिलों के कांटों की जांच

कलेक्टर ने सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध धान परिवहन रोकने के लिए विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। महाराष्ट्र सीमा से लगे इलाकों में सतर्कता बढ़ाने और जरूरत के अनुसार एआई आधारित आधुनिक कैमरे लगाने को कहा। इसके अलावा सभी एसडीएम और तहसीलदारों को राइस मिलों का सघन निरीक्षण करने तथा वहां लगे धर्मकांटों की तौल क्षमता और शुद्धता की जांच करने के निर्देश दिए। गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने सर्वे में लगे कर्मचारियों की लंबित राशि का जल्द भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को रबी सीजन में धान के स्थान पर कम पानी की जरूरत वाली वैकल्पिक फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।

खैरा के 141 घरों में सोलर पैनल लगने पर सराहना

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत ग्राम खैरा के सभी 141 घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने अन्य गांवों को भी शत-प्रतिशत सोलरयुक्त बनाने और योजना के प्रति व्यापक जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 8,135 हितग्राहियों के घरों में सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि योजना के तहत कुल 16,167 आवेदन प्राप्त हुए हैं। कलेक्टर ने शेष आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई कर पात्र हितग्राहियों को जल्द लाभ पहुंचाने को कहा।

स्टेशनपारा अंडरब्रिज और निर्माण कार्यों की भी समीक्षा

कलेक्टर ने राजनांदगांव शहर के निर्माणाधीन स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने परिवहन और पुलिस विभाग के अधिकारियों को अंडरब्रिज से लगे ओवरब्रिज की जांच करने तथा आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण के दौरान नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

इसके अलावा स्वीकृत निर्माण कार्य जल्द शुरू करने, प्रगतिरत कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने और गुणवत्ता बनाए रखने को कहा। जल जीवन मिशन के तहत कार्य पूरा कर चुके ठेकेदारों के लंबित भुगतान का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत के सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने सीएम जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन, पीजी पोर्टल और कलेक्टर जनदर्शन में मिले आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने को कहा। इस दौरान अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, प्रेमप्रकाश शर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Image

YOUR REACTION?

Facebook Conversations