सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ के शराब घोटाला मामले में आगे की जांच पर रोक लगा दी है। प्रवर्तन निदेशालय इस घोटाले की जांच कर रहा था। रायपुर के न्यायालय में लगातार सुनवाई जारी थी, अब आगे की जांच नहीं हो सकेगी।

सुप्रीम कोर्ट में ढेबर समेत अन्य आरोपियों ने याचिका लगाई थी
छत्तीसगढ़ में ED के अधिवक्ता सौरभ पांडे ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि स्टे लगा दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट में द्वारा लगाया गया यह स्टे किस प्रकार का होगा पूछे जाने पर अधिवक्ता ने कहा कि यह आगे की पूरी कार्रवाई पर रोक है। फिलहाल आगे इस मामले में कोई कार्यवाही नहीं की जा सकेगी। इससे सुप्रीम कोर्ट के आदेश से संबंधित जुड़ी जानकारियां पूछे जाने पर अधिवक्ता पांडे ने कहा कि देर शाम तक आदेश जारी होगा तभी इस बारे में कुछ कहा जा सकता है।
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका प्रदेश के एक आईएएस, कारोबारी अनवर ढेबर, आबकारी विभाग में अधिकारी रह चुके एपी त्रिपाठी ने लगाई थी। सभी के प्रकरण को एक साथ सुनते हुए सुप्रीम कोर्ट ने आगे की कार्रवाई पर रोक के निर्देश जारी किए हैं।
फिलहाल जेल में है आरोपी
शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने कारोबारी अनवर ढेबर, एपी त्रिपाठी, नितेश पुरोहित, अरविंद सिंह, त्रिलोक ढिल्लन को गिरफ्तार किया था। यह सभी फिलहाल रायपुर के सेंट्रल जेल में बंद हैं। ED का दावा है कि इन सभी ने मिलकर एक सिंडिकेट बनाया और प्रदेश में 2000 करोड़ से अधिक का शराब घोटाला किया था। नकली होलोग्राम बना कर राजस्व का नुकसान करने का दावा ED अब तक करती रही है।

कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का स्वागत किया, कांग्रेस नेता सुशील ने ED की कार्रवाई को फर्जी बताया।
कांग्रेस ने कहा ED ने लिखी फर्जी पटकथा
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा- ED के द्वारा रचे गए षड्यंत्र कथित शराब घोटाले की जांच में सुप्रीम कोर्ट ने द्वारा लगाई गई रोक का कांग्रेस पार्टी स्वागत करती है। हम तो शुरु से कहते थे कि जो ईडी की कार्रवाई है पूरी तरह से द्वेष पूर्ण कार्रवाई है । छत्तीसगढ़ की कांग्रेस की सरकार से भारतीय जनता पार्टी राजनीतिक रूप से मुकाबला नहीं कर पा रही थी तो ईडी और आईटी को आगे करके इस प्रकार के षड्यंत्र रचे जा रहे थे। छत्तीसगढ़ का शराब घोटाला आईडी के द्वारा लिखी गई फर्जी पटकथा है, सुप्रीम कोर्ट ने इसकी जांच पर रोक लगाया है उससे हमें पूरा भरोसा है कि इसकी सच्चाई सामने आएगी।
दूध का दूध और पानी का पानी होगा
भाजपा की ओर से इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए अजय चंद्राकर ने कहा- यह तो न्यायिक मामला है । आगे उसमें ED क्या कदम उठा रही है इसको देखना चाहिए। कांग्रेस का काम ही सुप्रीम कोर्ट जाना है ऐसा है कि अपने आप को निर्दोष बनाने के लिए विचित्र और हास्यास्पद स्पष्टीकरण कांग्रेस के लोग देते रहते हैं । अनगिनत मामले गिना सकता हूं जिसमें कांग्रेस कोर्ट में जाती है राफेल से शुरू करे तो संसद भवन तक गए हैं। इस मामले को यदि सर्वोच्च न्यायालय यदि देख रही है तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा,ED देश की एजेंसी एकमात्र एजेंसी है जिसमें 96% सक्सेस रेट है।

Facebook Conversations