दुर्ग- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए एक ओर जहां भूपेश सरकार की जमकर अलोचना की। तो वहीं दूसरी ओर मोदी सरकार की तारीफ में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने छत्तीसगढ़ में BJP और 2024 में केंद्र में मोदी सरकार बनाने का संकल्प जनता को दिलाया। कहा, सोनिया मनमोहन की 10 साल की सरकार ने 12 लाख करोड़ का घोटाला किया है।
मंच से भूपेश सरकार के खिलाफ घोटाले और वादा खिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने 2023 के चुनाव में सरकार बनाने तक का दावा कर दिया। इस बीच स्टेडियम में जय श्री राम के नारे लगे।
जनसभा को संबोधित करने से पहले अमित शाह भिलाई में पंडवानी गायिका पद्मश्री उषा बारले के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। उषा ने कुछ दिन पहले ही भाजपा ज्वाइन की है। उन्हें इस जिले की किसी सीट से विधानसभा की टिकिट देने की भी चर्चा है। इसके बाद करीब 20 मिनट तक उन्होंने 50 हजार से अधिक की जनता को संबोधित किया। मंच पर उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और सांसद विजय बघेल भी मौजूद रहें। सभा को संबोधित करने के बाद वह मध्यप्रदेश के बालाघाट के लिए रवाना हो गए।

अमित शाह ने अपने संबोधन में क्या कुछ कहा, सिलसिलेवार पढ़िए..
केंद्र में जब कांग्रेस की सरकार थी तो आए दिन आतंकवादी हमला होते थे। मोदी सरकार में पाकिस्तान ने पुलमावा हमला किया तो पीएम मोदी ने 10 दिन के अंदर सर्जिकल स्ट्राइक करके पाकिस्तान को सबक सिखाया।
प्रभु राम का मंदिर बनने को लेकर कांग्रेस लटका रही थी। मोदी जी ने ये काम किया और जनवरी में लोग रामलला के दर्शन कर पाएंगे। प्रभु श्री राम को उसी जगह स्थापित किया गया। जिस स्थान में उनका जन्म हुआ था। विदेशों में नरेन्द्र मोदी के नारे लग रहे हैं। ये नारे मोदी नहीं बल्कि देश की जनता का सम्मान है।आदिवासी समाज की बेटी को राष्ट्रपति बनाया गया है।
छत्तीसगढ़ की बघेल सरकार घोटाले पे घोटाले वादा खिलाफी कर रही है। शराब बंदी नहीं किया युवाओं को रोजगार, बेरोजगारी भत्ता विधवा पेंशन नहीं दिया। छत्तीसगढ़ की जनता चुनाव की राह देख रही है। फिर सरकार पलटते देर नहीं लगेगी
5 अगस्त 2014 को धारा 370 को हटाया कांग्रेस कह रही थी मत हटाओ। कश्मीर में खून की नदियां बह जाएंगी। लेकिन हकीकत ये रही की वहां एक कंकड़ तक नहीं चला। पीएम मोदी ने 9 साल में हर गरीब के बिजली शौचालय गैस 5 किलो अनाज मुफ्त दिया। और कोरोना के टीके मुफ्त में लगाए।
अमित शाह ने कहा, बघेल सरकार हर मोर्चे पर फेल है। एक हजार किसानों ने आत्महत्या की। बेरोजगारी लगातार बढ़ी है। केंद्र सरकार ने 74 हजार करोड़ रुपए किसानों के बैंक अकाउंट में भेजा। भूपेश सरकार ने 12,100 करोड़ दिया।
अमित शाह ने कहा, मोदी सरकार ने 38 लाख किसानों को 6 हजार हर साल दिया। 35 लाख जल कनेक्शन दिया। 38 लाख महिलाओं के लिए शौचालय बनवाया। 52 लाख परिवार को 5 किलो अनाज दिया। 6 लाख महिलाओं को गैस कनेक्शन दिया।आईआईटी भिलाई भी केंद्र सरकार ने दिया।2 लाख से ज्यादा लोगों को जल जीवन के तहत नल कनेक्शन मिला।
अमित शाह के दौरे पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट करके लिखा है कि, राम के ननिहाल में उनका स्वागत है। मैं उनसे आग्रह करता हूं कि रामायण और राम की छवि बिगाड़ने वाली फिल्म आदिपुरुष को बैन करने की घोषणा करें।

शाह की सुरक्षा में पूरे शहर को छावनी में तब्दील किया गया था
भिलाई पावर हाउस में अमित शाह को काले झंडे दिखाने की कोशिश करने वाले सैकड़ों NSUI कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शाह की सुरक्षा में पूरे शहर को छावनी में तब्दील किया गया था।
इससे पहले रायपुर एयरपोर्ट पर पूर्व सीएम रमन सिंह ने उनकी अगवानी की थी। उनके साथ अरुण साव, रामविचार नेताम, बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, राजेश मूणत के साथ भाजपा के कई नेता मौजूद थे। इनसे मुलाकात के बाद शाह दुर्ग के लिए रवाना हुए थे।

उषा बारले से मुलाकात के सियासी मायने
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वह बीजेपी के टिकट पर अहिवारा विधानसभा या पाटन विधानसभा क्षेत्र से उषा बारले चुनाव लड़ सकती हैं। पद्मश्री पुरस्कार लेते समय उनके प्रेजेंटेशन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह काफी प्रभावित हुए थे। बाद में चर्चा हुई कि वह आने वाले दिनों में बीजेपी में एंट्री कर सकती हैं।

Facebook Conversations