कोरबा। जिले के SECL बलगी सब स्टेशन में देर रात 15 से 20 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड पर डंडे, चाकू और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल गार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई हैं। यह मामला बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र का है।
देर रात सब स्टेशन में घुसे 15-20 नकाबपोश बदमाश
घायल सुरक्षा गार्ड संजय कुमार ने बताया कि वह रात की शिफ्ट में ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 11:10 बजे अचानक 15 से 20 नकाबपोश बदमाश सब स्टेशन परिसर में घुस आए। सभी बदमाश हथियारों से लैस थे और आते ही उन्होंने सुरक्षा गार्ड पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले के दौरान बदमाशों ने गार्ड का मोबाइल फोन और अन्य सामान भी लूट लिया। हमले में संजय कुमार के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
अकेले सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी, पहले भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं
घायल गार्ड ने बताया कि SECL बलगी सब स्टेशन में चोरी की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन रात में सुरक्षा के नाम पर केवल एक गार्ड की ही ड्यूटी लगाई जाती है। इससे सुरक्षा कर्मियों की जान हमेशा खतरे में रहती है।
उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जवानों की तैनाती की गई थी, लेकिन बाद में उन्हें वापस बुला लिया गया। इसके अलावा परिसर में पर्याप्त लाइटिंग व्यवस्था नहीं होने से रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश आसानी से वारदात को अंजाम दे देते हैं।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाल रही टीम
बांकी मोंगरा थाना प्रभारी चमन सिन्हा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाकर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
देखें CCTV फुटेज
SECL बलगी सब स्टेशन में हुई डकैती की पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में नकाबपोश बदमाशों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी हुई है।

Facebook Conversations