यपुर। राजधानी रायपुर में इस साल गणेश विसर्जन झांकियों के मार्ग को लेकर विवाद की स्थिति बनती नजर आ रही है। सदर बाजार रोड से गणेश विसर्जन झांकी नहीं निकालने की मांग स्थानीय व्यापारियों और लोगों की ओर से उठाई गई है। सदर रोड पर तेज आवाज वाले डीजे और धुमाल के विरोध में पोस्टर भी लगाए गए हैं।
सदर रोड सर्राफा संघ ने डीजे-धुमाल और तेज साउंड के विरोध में पुलिस को ज्ञापन सौंपकर सिटी कोतवाली चौक से कंकाली अस्पताल तक भारी आवाज वाले साउंड सिस्टम पर रोक लगाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि सदर बाजार का मार्ग काफी संकरा है और गणेश विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनती है।
सराफा व्यापारी संघ के पूर्व अध्यक्ष हरेक मालू ने कहा कि बढ़ती आबादी के बीच सदर बाजार का रास्ता पहले की तुलना में काफी व्यस्त और संकरा हो गया है। उनके मुताबिक यहां पहले भी मकान गिरने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। झांकी के दौरान तेज आवाज और भीड़ के कारण वरिष्ठ नागरिकों, बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
व्यापारियों ने सुझाव दिया है कि इस बार झांकियों को सदर बाजार से ले जाने के बजाय बूढ़ा तालाब और मालवीर रोड की ओर डायवर्ट किया जाए। उनका कहना है कि जिस तरह सदर बाजार में गणेश पंडाल और स्वागत की व्यवस्था की जाती है, उसी तरह वैकल्पिक मार्ग पर भी पंडाल लगाकर झांकियों का स्वागत किया जा सकता है।
इस संबंध में व्यापारियों की ओर से कलेक्टर और नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपे जाने की बात कही गई है। साथ ही स्थानीय थाना प्रभारी से भी ऐसी व्यवस्था बनाने का अनुरोध किया गया है, जिससे गणेश विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।
वहीं, व्यापारियों की प्रमुख मांग तेज साउंड, डीजे और धुमाल पर प्रतिबंध लगाने की है। इसे लेकर सदर बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे पोस्टर भी लगाए गए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन और पुलिस झांकियों के मार्ग तथा ध्वनि व्यवस्था को लेकर क्या निर्णय लेते हैं।

Facebook Conversations