रणबीर कपूर और आलिया भट्ट को लेकर हाल ही में खबर सामने आई थी कि दोनों दिसंबर में शादी कर सकते हैं। लेकिन, अब खबर आ रही है कि रणबीर और आलिया 2021 में शादी नहीं करेंगे। बल्कि दोनों की शादी अब 2022 में ही होगी।
रणबीर-आलिया के एक नजदीकी सूत्र ने बताया है कि दोनों शादी तो करना चाहते हैं, मगर यह इस साल शायद नहीं हो पाएगी। सूत्र ने बताया, "आलिया और रणबीर के पास अपनी शादी के शानदार प्लान हैं और इसलिए वह इसमें जल्दबाजी नहीं करना चाहते हैं। वे अपनी शादी की प्लानिंग लंबे समय से कर रहे हैं।"
2022 में ही होगी रणबीर-आलिया की शादी
हालांकि, इस सूत्र ने यह कन्फर्म नहीं किया है कि शादी कब होनी है। लेकिन, इतना कहा है कि यह 2021 नहीं बल्कि 2022 में ही होने वाली है। इसलिए अब ऐसा सोचना बंद कर देना चाहिए कि रणबीर और आलिया इस साल दिसंबर में शादी करने जा रहे हैं। वैसे इससे पहले रणबीर के अंकल रणधीर कपूर भी साफ कर चुके हैं कि अभी तक उन्हें तो अपने भतीजे की शादी की कोई खबर नहीं है।
बता दें कि आलिया भट्ट ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी एक फोटो शेयर की थी। इस फोटो से बहुत सारी अटकलें लगाई जा रही हैं। दरअसल, आलिया ने जो फोटो शेयर की है, उसमें उनके हाथ में रणबीर के लकी नंबर-8 की एक रिंग दिखाई दे रही है। आलिया की एक दूसरी मिरर सेल्फी में भी उनके हाथ में यह रिंग नजर आ रही है। इन दोनों फोटोज के सामने आने के बाद से अंदाजा लगाया जाने लगा कि आलिया-रणबीर की इंगेजमेंट हो चुकी है और अब शादी ही होना बाकी है।
वर्क कमिटमेंट्स नवंबर अंत तक निपटा लेंगी आलिया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणबीर को संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'एनिमल' की शूटिंग इस साल के अंत तक शुरू करनी थी। लेकिन, अब उन्होंने इस शूट को अगले साल तक आगे खिसका दिया है। वह अब 2022 में 'एनिमल' की शूट शुरू करेंगे। इस दौरान वह केवल 'शमशेरा' का प्रमोशन करेंगे जो कि मार्च 2022 में रिलीज होगी। उधर, आलिया भी अपने सारे वर्क कमिटमेंट्स नवंबर अंत तक निपटा लेंगी। उन्होंने फिल्म 'डार्लिंग' की शूटिंग पूरी कर ली है। इसके अलावा वह फिलहाल किसी शूटिंग के लिए दिसंबर में कोई डेट्स नहीं दे रही हैं और 2022 में ही काम दोबारा शुरू करेंगी।
4 साल से रिलेशनशिप में हैं रणबीर और आलिया
रणबीर और आलिया 4 साल से ज्यादा समय से रिलेशनशिप में हैं। कहा जा रहा था कि दोनों पिछले साल शादी कर सकते थे, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के चलते इस शादी को टाल दिया गया। रणबीर ने अपने एक पिछले इंटरव्यू में कहा भी था कि अगर कोरोना वायरस नहीं आता तो वह शायद पहले ही आलिया से शादी कर चुके होते।
रणबीर और आलिया एक-दूसरे के परिवारों के साथ अच्छी बॉन्डिंग भी शेयर करते हैं। रणबीर की मां नीतू कपूर और रिद्धिमा कपूर साहनी आलिया को काफी पसंद करती हैं और अक्सर अपने सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर पोस्ट में प्यार बरसाती रहती हैं। रणबीर को अक्सर आलिया की बहन शाहीन भट्ट और मां सोनी राजदान के साथ चिल करते भी देखा जाता है।
'ब्रह्मास्त्र' में पहली बार साथ नजर आएगी रणबीर-आलिया की जोड़ी
बता दें कि जल्द ही रणबीर-आलिया की जोड़ी पहली बार अयान मुखर्जी की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में सिल्वर स्क्रीन पर एक साथ नजर आएगी। इस फिल्म में रणबीर-आलिया के अलावा अमिताभ बच्चन, मौनी रॉय, नागार्जुन अक्किनेनी और डिंपल कपाड़िया भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। सूत्रों के मुताबिक, शाहरुख खान का भी इस फिल्म में एक छोटा सा कैमियो रोल है।

Facebook Conversations