रायपुर। पुलिस आयुक्त कार्यालय, रायपुर में 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर आयोजित इस समारोह में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया।
समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, राजपत्रित अधिकारियों, अधिकारी-कर्मचारियों तथा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल, स्मृति-चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा अनुशासन, समर्पण और जनसेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली से विभाग की गरिमा बढ़ाई है। उनका अनुभव और योगदान हमेशा पुलिस विभाग के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
इस अवसर पर सहायक उप निरीक्षक गजाधर सिंह वनसे, प्रधान आरक्षक बालेश्वर दास वैष्णव, रोहित दास सुमेर, सालिक राम वर्मा, राजकुमार पाठक, पुरुषोत्तम लाल साहू, लाल बहादुर भगत, राजेन्द्र पुरी गोस्वामी तथा आरक्षक अनिल कुमार शर्मा और चन्द्रभान भदौरिया को उनकी दीर्घ, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभाग, वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सभी सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखद और समृद्ध जीवन की शुभकामनाओं के साथ हुआ।
इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी पुलिस कमिश्नर डॉ. अर्चना झा, रक्षित निरीक्षक अनीष सारथी, स्टेनो सुरेश टंडन, मुख्य लिपिक पी.सी.एस. यादव, सहायक उप निरीक्षक दीपक निषाद सहित पुलिस कमिश्नर कार्यालय के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Facebook Conversations