रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम के जोन-7 ने स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जीई रोड स्थित एनआईटी के आसपास संचालित सात संस्थानों पर कुल 50 हजार रुपये का ई-चालान किया है। यह कार्रवाई स्वच्छता संबंधी जनशिकायत मिलने के बाद की गई।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-7 की जोन कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के मार्गदर्शन में जोन स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानंद साहू एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधित क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सात अलग-अलग संस्थानों में गंदगी और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पाया गया। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि नागरिकों द्वारा की गई शिकायत सही थी।
इसके बाद जोन-7 के स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित संस्थानों के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल ₹50,000 का ई-चालान जारी किया। साथ ही भविष्य में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर और अधिक कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
नगर निगम ने कहा है कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखें तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें।

Facebook Conversations