रायपुर में महिला की संदिग्ध मौत, खुले प्लॉट में मिला शव; दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित स्वागत विहार कॉलोनी में गुरुवार को एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव कॉलोनी के एक खुले प्लॉट में पड़ा मिला। मृतका की पहचान सुभद्रा बाई साहू (35 वर्ष), निवासी बोरियाकला के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर क्षेत्र में महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल मुजगहन थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Facebook Conversations