रायपुर। राजधानी में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ उत्तर जोन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उरला और खमतराई इलाके में पुलिस ने एक साथ 20 कबाड़ियों के ठिकानों पर जांच और छापेमारी की। इस दौरान 10 कबाड़ियों के यहां से करीब 8 टन कबाड़ जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक, जब्त कबाड़ के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिले हैं।
कार्रवाई डीसीपी उत्तर जोन दीपमाला कश्यप, एडीसीपी आदित्य पांडेय और एसीपी पूर्णिमा लामा के निर्देश पर की गई। पुलिस टीमों ने कबाड़ के भंडारण और खरीदी-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।
उरला में 6 और खमतराई में 4 ठिकानों से जब्ती
पुलिस के अनुसार, उरला थाना क्षेत्र में 8 कबाड़ियों के ठिकानों की जांच की गई, जिनमें से 6 के यहां कबाड़ मिला। वहीं, खमतराई क्षेत्र में 12 ठिकानों की जांच के दौरान 4 कबाड़ियों के यहां से माल जब्त किया गया। इस तरह कुल 10 ठिकानों से करीब 8 टन कबाड़ बरामद हुआ।
कबाड़ के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब जब्त कबाड़ की खरीदी-बिक्री से जुड़े रजिस्टर, लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि कबाड़ कहां से खरीदा गया था। पुलिस का कहना है कि चोरी का माल खरीदने या अवैध कारोबार में संलिप्तता मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत की गई है। पुलिस ने अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।

Facebook Conversations