दुर्ग। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने 27 और 28 नवंबर की दरमियानी रात व्यापक रात्रिकालीन चेकिंग अभियान चलाया। रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक शहर के 14 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की गई।
इस अभियान में करीब 150 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। सभी थाना प्रभारियों को अलग-अलग सेक्टर और चेकिंग पॉइंट की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस ने आने-जाने वाले वाहनों की जांच के साथ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और सत्यापन भी किया।
चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए 10 चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकना, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखना और संदिग्ध वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण करना था।
मॉक ड्रिल से परखी पुलिस की मुस्तैदी
अभियान के दौरान पुलिस ने मॉक ड्रिल भी की। पुलिस लाइन से रवाना किए गए वाहनों को अलग-अलग नाकेबंदी पॉइंट पर तैनात टीमों ने सफलतापूर्वक रोककर जांच की। इस दौरान कंट्रोल रूम के साथ समन्वय बनाकर पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था का परीक्षण किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभ्यास का उद्देश्य आपराधिक घटना या आपातकालीन स्थिति में पुलिस की तत्परता, नाकेबंदी व्यवस्था और विभिन्न टीमों के बीच समन्वय को परखना था। दुर्ग पुलिस ने अभियान के जरिए रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का संदेश दिया।

Facebook Conversations