रायपुर। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ के अवसर पर राजधानी रायपुर में 26 जुलाई को भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और वीर जवानों के परिवारों का सम्मान किया जाएगा।
आयोजन की शुरुआत 25 जुलाई को शहीद कौशल यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसके बाद शहर में देशभक्ति का संदेश देने के लिए भव्य बाइक रैली निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य शामिल होंगे।
26 जुलाई को आयोजित मुख्य समारोह में कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों और शहीदों के परिजनों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में सेना के पूर्व अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक भी शामिल होंगे। इस दौरान कारगिल के वीरों के अदम्य साहस और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।
आयोजकों ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर देश के वीर जवानों के सम्मान में अपनी सहभागिता दर्ज कराने की अपील की है। यह आयोजन शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश देगा।

Facebook Conversations