रायपुर। मुजगहन स्थित श्री शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में यातायात पुलिस, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा यातायात जागरूकता, महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षकगण सहित करीब 600 से 700 छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
कार्यशाला में एसीपी ट्रैफिक श्रीमती स्नेहिल साहू, यातायात प्रशिक्षक टी.के. भोई एवं साइबर सेल के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सुरक्षित, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी दी।
महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानून, हेल्पलाइन सेवाएं, आपातकालीन स्थिति में सुरक्षात्मक उपाय और आत्मरक्षा से संबंधित जानकारी दी गई। छात्राओं को पिंक पेट्रोल यूनिट और अभिव्यक्ति ऐप के बारे में भी बताया गया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से किसी भी तरह की छेड़छाड़ या अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। साथ ही महिला सुरक्षा में समाज की भूमिका और संवेदनशीलता पर भी जोर दिया गया।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
यातायात प्रशिक्षक टी.के. भोई ने विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, यातायात संकेतों का पालन तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के संबंध में जानकारी दी।
इस दौरान रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में संचालित यातायात QRT और QR कोड के माध्यम से पंजीकृत ई-रिक्शा से जुड़ी जानकारी भी साझा की गई।
साइबर फ्रॉड और साइबर बुलिंग से बचने के बताए तरीके
साइबर सेल के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर बुलिंग, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, OTP शेयर करने के खतरे और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में जागरूक किया। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल संबंधित एजेंसी अथवा पुलिस को सूचना दें।
700 विद्यार्थियों ने लिया जागरूक नागरिक बनने का संकल्प
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने, महिला सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति सजग रहने और साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए और उन्हें अपने परिवार तथा समाज में भी सुरक्षा और जागरूकता का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।

Facebook Conversations