रायपुर। रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने बुधवार को जोन-9 के लाल बहादुर शास्त्री वार्ड क्रमांक-51 स्थित जोरा की भाठापारा बस्ती का दौरा कर बारिश के दौरान होने वाली जल निकासी की समस्या का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को संबंधित भूमि के दस्तावेजों की जांच कराने तथा समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय रहवासियों ने बताया कि वर्षों से निजी भूखंड के प्राकृतिक ढलान के कारण बारिश का पानी आसानी से निकल जाता था। लेकिन अब संबंधित भूमि पर बिल्डर द्वारा बाउंड्रीवाल निर्माण शुरू किए जाने से इस मानसून में बस्ती में जलभराव की आशंका बढ़ गई है।
महापौर ने मौके पर भूमि स्वामी राजेश अग्रवाल को बुलाकर चर्चा की और उनसे मानसून समाप्त होने तक बाउंड्रीवाल का निर्माण नहीं करने को कहा, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित न हो और बस्तीवासियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के बाद बस्ती से गंदे पानी की स्थायी निकासी के लिए नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्यवाही की जाए। साथ ही संबंधित बिल्डर से भी इस कार्य में सहयोग करने को कहा गया।
महापौर ने बस्तीवासियों को आश्वस्त किया कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या नहीं आने दी जाएगी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उनके निरीक्षण और आश्वासन से खुश होकर स्थानीय महिलाओं और रहवासियों ने फूलमालाओं से उनका स्वागत किया।
दौरे के दौरान महापौर ने जोरा तालाब का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर तालाब के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव तैयार कर सक्षम स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय वार्ड पार्षद रेणु जयंत साहू, जोन-9 के जोन कमिश्नर राकेश शर्मा, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह एवं शरद ध्रुव सहित नगर निगम के कई अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Facebook Conversations