कर्नाटक में स्कूल और कॉलेजों में मुस्लिम लड़कियों के हिजाब पहनने पर छिड़े विवाद पर ज्ञान देने की कोशिश में जुटे पाकिस्तान में राजपूत समुदाय की दो लड़कियों को अगवा कर रेप का मामला सामने आया है। सिंध प्रांत में दो नाबालिग राजपूत लड़कियों को अगवा कर उनके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। पाकिस्तानी अखबार ‘डॉन’ ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) असद चौधरी के हवाले से मंगलवार को बताया कि राजपूत समुदाय की दो लड़कियों का छह फरवरी को अपहरण कर लिया गया था। पुलिस ने सिंध के मीरपुरखास जिले के नाओकोट इलाके में छापे मारकर किशोरियों को बरामद किया।
उन्होंने बताया कि मेडिकल जांच में लड़कियों के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। लड़कियों के अगवा होने के बाद राजपूत समुदाय के लोगों ने उनका पता लगाये जाने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने इलाके की पुलिस और आरोपियों के खिलाफ नारे लगाते हुए सड़क के बीचोंबीच आग लगा दी और वहीं धरने पर बैठ गए। इसके कारण कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। एसएसपी ने बताया कि अगवा की गई लड़कियों में से एक विवाहित थी। दोनों को एक घर में छापेमारी के बाद बरामद किया गया |
एसएसपी असद चौधरी ने कहा, ‘एक विवाहित युवती और उसकी ननद को किडनैप कर रेप किया गया था। मेडिकल में इसकी पुष्टि हुई है।’ सिंध के मीरपुर खास जिले में हुई इस घटना के बाद लोगों में गुस्सा है। लड़कियां राजपूत समुदाय की हैं और रेप करने वाले आरोप तुंगरी समुदाय के हैं। एसएसपी ने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि तुंगरी समुदाय की एक महिला राजपूत बिरादरी के एक युवक संग भाग गई थी। दोनों प्रेम करते थे। उस घटना का बदला लेने के लिए लड़कियों से रेप को अंजाम दिया गया।

Facebook Conversations