राजनांदगांव: पेयजल विवाद पर गरमाई सियासत, रवि सिन्हा बोले— कांग्रेस आरोप लगाती है, भाजपा समाधान करती है
त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

राजनांदगांव, में पेयजल व्यवस्था को लेकर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर भाजपा पार्षद एवं शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय के अध्यक्ष रवि सिन्हा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद शहर की जल व्यवस्था को मजबूत नहीं कर सकी और अब जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।

रवि सिन्हा ने कहा कि बरसात के मौसम में नदी-नालों के जलस्तर और पानी की गुणवत्ता में प्राकृतिक बदलाव आना सामान्य प्रक्रिया है। ऐसे समय में नगर निगम और फिल्टर प्लांट के अधिकारी लगातार निगरानी रखते हुए जल शोधन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाते हैं। यदि कहीं तकनीकी या सामग्री संबंधी कोई कमी सामने आती है तो उसका तत्काल निराकरण किया जाता है।

उन्होंने बताया कि महापौर मधुसूदन यादव ने पेयजल व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को फिटकरी, क्लोरीन सहित आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पेयजल की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नगर सरकार नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।

रवि सिन्हा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग अपने कार्यकाल में मूलभूत व्यवस्थाओं को नहीं सुधार सके, वे आज केवल सस्ती लोकप्रियता के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा केवल आरोप लगाने के बजाय समस्याओं के समाधान पर काम करती है।

उन्होंने कहा कि किसी भी वार्ड से पेयजल संबंधी शिकायत मिलने पर उसका तत्काल निराकरण कराया जा रहा है। नगर निगम प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है और नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

रवि सिन्हा ने कांग्रेस से जनहित के मुद्दों पर सहयोग की राजनीति करने की अपील करते हुए कहा कि भय और भ्रम फैलाने के बजाय रचनात्मक सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महापौर मधुसूदन यादव के नेतृत्व में नगर निगम पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा की भावना के साथ शहर की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए कार्य कर रहा है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations