दुर्ग। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में चलती ट्रेन में मोबाइल लूटने की कोशिश के दौरान एक यात्री की मौत का मामला सामने आया है। घटना 27 नवंबर की सुबह करीब 11:45 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन क्रमांक 12856 में शिवाजीनगर रेलवे लाइन के पास हुई। मामले में दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के अमरावती जिले के निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद फैजान उर्फ सोनू ट्रेन में सफर कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े दो बालकों ने खिड़की के पास बैठे यात्री का मोबाइल छीनने का प्रयास किया। विरोध के दौरान एक बालक ने यात्री को थप्पड़ मारा, जबकि दूसरे ने डंडे से वार कर दिया। इस दौरान यात्री मोबाइल सहित चलती ट्रेन से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल यात्री को उपचार के लिए सुपेला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। तकनीकी एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए दोनों बालकों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उन्हें अभिरक्षा में लिया गया।
रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े होकर बनाते थे निशाना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बालक रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े होकर गुजरती ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों को निशाना बनाते थे। वे खिड़की के पास बैठे यात्रियों के मोबाइल फोन छीनने के लिए मारपीट करते थे। इसी दौरान हुई घटना में यात्री की जान चली गई।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 0542/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 309(4), 309(6) एवं 3(5) में अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। किशोर न्याय संबंधी प्रावधानों के चलते दोनों बालकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
दुर्ग पुलिस ने रेल यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान मोबाइल और कीमती सामान खिड़की के पास बाहर की ओर न रखें। रेलवे ट्रैक के आसपास संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल रेलवे पुलिस या स्थानीय पुलिस को सूचना दें।

Facebook Conversations