राजनांदगांव। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश किसान संघ के बैनर तले 30 नवंबर को राजनांदगांव में किसान मार्च निकाला जाएगा। प्रति एकड़ 19,257 रुपए आदान सहायता राशि देने, किसानों के बकाया 6,066 करोड़ रुपए का भुगतान करने और समर्थन मूल्य गारंटी कानून लागू करने की मांग को लेकर किसान जय स्तंभ चौक से जिला कार्यालय तक मार्च करेंगे। इसके बाद जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
प्रदेश किसान संघ के अनुसार, दाम सत्याग्रह के तहत इन मांगों को लेकर लगातार आंदोलन और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले 26 से 31 अक्टूबर तक राजधानी रायपुर से धमतरी, कांकेर, कोंडागांव, जगदलपुर और नारायणपुर तक किसान भुगतान यात्रा निकाली गई थी। इस दौरान विभिन्न जिलों में सभाएं कर ज्ञापन भी सौंपे गए थे।
संघ का आरोप है कि सरकार ने अब तक किसानों के बकाया 6,066 करोड़ रुपए का भुगतान नहीं किया है और न ही 3,358 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की मांग स्वीकार की है। किसान संघ का कहना है कि सरकार ने प्रति एकड़ 13,839 रुपए आदान सहायता देने की घोषणा की है, जबकि वर्ष 2023 में 917 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से 19,257 रुपए प्रति एकड़ सहायता राशि दी गई थी।
संघ का दावा है कि केंद्र सरकार द्वारा समर्थन मूल्य में तीन बार बढ़ोतरी किए जाने के बावजूद किसानों को उसका पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। इस वर्ष प्रति एकड़ 5,418 रुपए की कटौती किसानों के साथ अन्याय है। किसान संघ ने इस मुद्दे को लेकर आंदोलन तेज करने की बात कही है।
किसान मार्च में दाम सत्याग्रह की प्रमुख मांगों के साथ रकबा संशोधन, पंजीयन और धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं को भी उठाया जाएगा। प्रदेश किसान संघ ने किसानों से 30 नवंबर को दोपहर 12 बजे अधिक से अधिक संख्या में जय स्तंभ चौक पहुंचने की अपील की है।

Facebook Conversations