राजनांदगांव में 25 फीट की प्रस्तावित सड़क 18-20 फीट में बन रही? जय जायसवाल ने उठाए सवाल, भाजपा जनप्रतिनिधियों को दिखाएंगे काले झंडे
त्वरित खबरें : भूमिका रिपोर्टिंग

राजनांदगांव। नगर पालिक निगम के राजीव नगर बसंतपुर वार्ड क्रमांक 42 और 43 में सड़क एवं नाली निर्माण को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। युवा नेता जय जायसवाल ने निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए नगर निगम और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कलेक्टर से शिकायत करने के बावजूद निर्माण स्थल पर स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।

जय जायसवाल के अनुसार, सड़क निर्माण का प्रस्ताव 25 फीट चौड़ाई का है, लेकिन मौके पर कहीं 18 फीट तो कहीं 20 फीट चौड़ी सड़क बनाई जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि स्वीकृत प्रस्ताव और वास्तविक निर्माण में अंतर क्यों है? क्या सड़क की चौड़ाई कम करने के लिए संशोधित तकनीकी स्वीकृति जारी की गई है? यदि ऐसा है तो उसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा?

गरीबों के लिए 25 फीट का नियम, निर्माण में चौड़ाई कम क्यों?

जय जायसवाल ने आरोप लगाया कि गरीब परिवारों की झोपड़ियां हटाने के दौरान 25 फीट सड़क का नियम बताया जाता है, लेकिन निर्माण के समय सड़क की चौड़ाई 18 से 20 फीट तक सीमित हो रही है। उन्होंने इसे दोहरे मापदंड का मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

उन्होंने सड़क एवं नाली निर्माण की गुणवत्ता, ठेकेदार की भूमिका और नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली की तकनीकी जांच कराने की मांग की। साथ ही माप पुस्तिका, स्वीकृत नक्शा और गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट सार्वजनिक करने की बात कही।

न्यायालय के आदेश और मुआवजे की प्रक्रिया का मुद्दा उठाया

जयसवाल ने सड़क चौड़ीकरण के दौरान प्रभावित निजी भूमि के नियमानुसार सीमांकन और मुआवजे की प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि न्यायालय के पूर्व आदेश और वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए बिना किसी प्रभावित परिवार के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।

उनका कहना है कि यह सड़क राज्य मार्ग को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है। ऐसे में सड़क की चौड़ाई और निर्माण गुणवत्ता से समझौता होने पर भविष्य में यातायात और जल निकासी की समस्याएं पैदा हो सकती हैं।

भाजपा जनप्रतिनिधियों को काले झंडे दिखाने की तैयारी

जय जायसवाल ने कहा कि बार-बार शिकायतों और सवाल उठाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर स्थानीय नागरिकों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा। इसके तहत भाजपा के जनप्रतिनिधियों को काले झंडे दिखाने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने मांग की कि सड़क की वास्तविक चौड़ाई का सीमांकन कराया जाए, स्वीकृत तकनीकी नक्शा सार्वजनिक किया जाए और निर्माण कार्य की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जाए। यदि अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।

जय जायसवाल ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। अब वार्डवासी जानना चाहते हैं कि 25 फीट प्रस्तावित सड़क आखिर 18 से 20 फीट में क्यों बनाई जा रही है और शिकायत के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations