पुरानी रंजिश ने ली युवक की जान, एक अन्य घायल; आरोपी गिरफ्तार...
त्वरित खबरें निशा विश्वास ब्यूरो प्रमुख रिपोर्टिंग

पुरानी रंजिश ने ली युवक की जान, एक अन्य घायल; आरोपी गिरफ्तार...

डोंगरगढ़, 29 जुलाई। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के कश्मीरी पारा में पुरानी रंजिश के चलते हुए खूनी हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे शाहरुख खान अपने भाई फारुख खान, मित्र सुमित विश्वकर्मा उर्फ बोंगो तथा धनु यादव उर्फ धनेश के साथ कश्मीरी पारा स्थित धनु यादव के घर जा रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपी अभय निषाद हाथ में लकड़ी का डंडा लेकर वहां पहुंचा और गाली-गलौच करते हुए हमला कर दिया।

बताया गया कि हमले के दौरान शाहरुख खान गिर गया, जिसके बाद आरोपी ने उसके सिर पर लकड़ी के डंडे से प्राणघातक वार किया। इसके बाद आरोपी ने धारदार चाकू से धनु यादव उर्फ धनेश के पेट पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान धनु यादव की मौत हो गई। शाहरुख खान का उपचार जारी है।

घटना के संबंध में शाहरुख खान की रिपोर्ट पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 419/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 एवं 103(1) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अभय निषाद (23 वर्ष), निवासी कश्मीरी पारा, डोंगरगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations