बिलासपुर- कोतवाली क्षेत्र के कतियापारा में पुरानी रंजिश पर आरक्षक ने पड़ोस में रहने वाले नाबालिग की पिटाई कर दी। मारपीट से लहूलुहान बालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।कोतवाली थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि कतियापारा में रहने वाले प्रकाश दुबे पुलिस विभाग में आरक्षक हैं। उनकी पोस्टिंग जांजगीर-चांपा जिले में है। रविवार की रात कुछ लड़के उनके घर के सामने गाली-गलौज कर रहे थे। इसे सुनकर प्रकाश अपने घर के बाहर निकले।
बाहर में उनके पड़ोस में ही रहने वाला साहिल केंवट(16) था। उससे पूछताछ करने के साथ ही प्रकाश ने बालक की पिटाई कर दी। मारपीट से बालक लहूलुहान हो गया। इधर मारपीट के बीच साहिल के स्वजन भी वहां आ गए। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग विवाद करने लगे। इसी बीच किसी ने घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया में प्रसारित कर दिया। इधर घायल को लेकर स्वजन कोतवाली थाने पहुंचे। उनकी शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। वहीं, घायल बालक को सिम्स में भर्ती कराया गया है।
पुरानी रंजिश के चलते हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि आरक्षक जिस मोहल्ले में रहता है, वहां युवक उनके घर के सामने आकर आए दिन गाली-गलौज करते हैं। आरक्षक ने युवकों को ऐसा करने से मना भी किया था, जिसे लेकर पहले भी उनका विवाद हुआ था। उनके मना करने के बाद भी लड़के उनके घर के पास भीड़ लगाए रहते हैं और गाली-गलौज करते हैं। बताया जा रहा है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते यह विवाद हुआ है।

नाबालिक और उसके साथियो पर भी आरोप
दूसरी ओर आरक्षक व उसके परिजनों द्वारा नाबालिक और उसके साथियों पर बेवजह गालीगलौज करने और जानबूझकर विवाद करने का भी आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस ने उनकी भी शिकायत ले ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Facebook Conversations