अरुण साव ने सरगुजा-सूरजपुर के अफसरों की ली बैठक, PM आवास से लेकर सड़कों तक विकास कार्यों की समीक्षा...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

अंबिकापुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरगुजा संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में सरगुजा और सूरजपुर जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय स्तर पर चल रहे कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।

बैठक में सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल और सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता बनाए रखने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। अधिकारियों को कार्यालयों की व्यवस्था सुधारने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

अक्टूबर तक पूरे हों निर्माणाधीन पीएम आवास

नगरीय क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) प्राथमिकता का कार्य है। उन्होंने सभी सीएमओ को अक्टूबर माह तक प्रगतिरत निर्माण कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य तत्काल शुरू कराने, प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूरा करने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), पीएम आवास योजना (शहरी), 15वें वित्त आयोग और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।

सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने भवनों, सड़कों, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बरसात के बाद सड़कों की मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सड़क और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों का सीधा असर आम लोगों के आवागमन पर पड़ता है। आने वाले त्योहारों को देखते हुए कार्यों को समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

पेयजल व्यवस्था और जल जीवन मिशन की समीक्षा

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन, पेयजल व्यवस्था और जलापूर्ति से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। उप मुख्यमंत्री ने पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने तथा पेयजल अधोसंरचनाओं के रखरखाव और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

प्राथमिक शालाओं में बढ़ें खेल गतिविधियां

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाने के लिए खेल अधिकारी, जिला पंचायत सीईओ और शिक्षा विभाग को मिलकर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्कूलों के संकुलवार एक-एक पीटीआई को खेल गतिविधियों के संचालन के लिए चिन्हांकित करने को कहा। साथ ही सरगुजा ओलंपिक के पंजीयन की जानकारी लेते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सरगुजा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोमा श्रीवास्तव, सूरजपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले और अंबिकापुर नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations