जरूरतमंदों को आर्थिक लाभ का झांसा देकर लाखों की ठगी, 2 आरोपी गिरफ्तार; 10 लाख की 9 नग मसरूका बरामद
त्वरित खबरें :- नेहा साहू रिपोर्टिंग

भिलाई। जरूरतमंद लोगों को आर्थिक लाभ का झांसा देकर उनके नाम पर वाहन और अन्य सामग्री फाइनेंस कराने के बाद उसे कम कीमत में बेचकर धोखाधड़ी करने के मामले में स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 10 लाख रुपये कीमत के 8 वाहन और एक वॉशिंग मशीन, कुल 9 नग मसरूका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को मनीष डहेरवाल की शिकायत पर मामले की जांच शुरू की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने छल-कपट के जरिए उनके और परिचितों के नाम पर वाहन व अन्य सामग्री फाइनेंस कराई, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ।

जांच में सामने आया कि आरोपी जरूरतमंद लोगों को आर्थिक मदद का लालच देते थे। इसके बाद उनके नाम पर वाहन और अन्य सामान फाइनेंस कराते समय डाउन पेमेंट खुद करने और आगे की EMI भरने का भरोसा दिलाया जाता था। फाइनेंस होने के बाद आरोपियों द्वारा वाहन व सामग्री को कम कीमत पर अन्य लोगों को बेच दिया जाता था और इससे मिलने वाली रकम आपस में बांट ली जाती थी।

मामले में चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1408/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी कर उनकी निशानदेही पर 8 वाहन और एक वॉशिंग मशीन बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसमीत सिंह उर्फ प्रिंस (28) निवासी कैलाश नगर, जामुल और भोजराज राय उर्फ भोजू (26) निवासी कोहका, भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस प्रकरण से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है और शेष मसरूका की पतासाजी एवं बरामदगी की कार्रवाई जारी है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर अपने नाम से वाहन, इलेक्ट्रॉनिक सामान या अन्य वस्तु फाइनेंस कराने से पहले उसके उद्देश्य और भुगतान की जिम्मेदारी की पूरी जानकारी लें। अपने दस्तावेज और वित्तीय जानकारी का इस्तेमाल किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर न करें।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations