PM आवास दिलाने के नाम पर कमीशनखोरी के आरोपों से घिरी नगर निगम की कांग्रेसी पार्षद पर FIR की मांग को लेकर पिछले सप्ताह भर से भाजपा का धरना प्रदर्शन जारी है। अब भाजपा के राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम भी इस मामले में उतर आए हैं। वार्ड के जिन लोगों से पार्षद ने पैसे लिए थे उनसे रामविचार नेताम ने मुलाकात की। रामविचार नेताम ने कहा कि इस मामले को लेकर राज्यपाल से मुलाकात करेंगे।
साथ ही अनुसूचित जनजाति आयोग को पत्र भी लिखेंगे। सरकार के दबाव में आकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इधर, बस्तर प्रवास पर रहे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि, मैंने इस मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के बाद जो दोषी पाए जाएंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी।
रामविचार नेताम ने कहा कि, संजय गांधी वार्ड की कांग्रेसी पार्षद के ऊपर गरीब जनता से लाखों रुपए कमीशन लेने का इतना गंभीर अपराध उजागर हुआ है। जिला प्रशासन कांग्रेस के नेताओं के आकाओं के दबाव में हैं। पुलिस FIR नहीं कर रही है। लेकिन, जो पीड़ित पक्ष है उन्हें न्याय दिलाने के लिए भाजपा उच्च स्तर पर भी प्रयास करेगी। कांग्रेस सरकार के दबाव में आकर प्रशासन गरीबों को न्याय नहीं दिला पा रही है। जब तक गरीबों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक भारतीय जनता पार्टी यह लड़ाई लड़ती रहेगी।
10 लाख रुपए से ज्यादा कमीशनखोरी का है आरोप
पार्षद कोमल सेना पर PM आवास का लाभ दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपए से ज्यादा कमीशनखोरी का आरोप लगा है। वार्ड के 40 से ज्यादा लोगों को PM आवास का लाभ देने के लिए 25-25 हजार रुपए महिला पार्षद ने लिए थे। साल 2020 में वार्ड में घूम-घूम कर लोगों से कहती रही कि एक ऑफर आया है, 25 हजार रुपए दो और PM आवास पाओ। लेकिन यह ऑफर केवल झुग्गी-झोपड़ी में रहने वालों के लिए है। वहीं पार्षद ने अपने ऊपर लगे इस आरोप को निराधार बताया था।

Facebook Conversations