"ऑपरेशन विश्वास: दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 297 पौवा शराब, नकदी और बाइक सहित 6 आरोपी गिरफ्तार"
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग, 23 जून 2026। अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब, नकदी और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 एवं 22 जून को थाना उतई, रानीतराई, खुर्सीपार और छावनी क्षेत्र में मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

थाना उतई क्षेत्र के ग्राम पतोरा में पुलिस ने पुरेंद्र ठाकुर और शिवराम यादव को मोटरसाइकिल से 32 पौवा अवैध शराब का परिवहन करते हुए पकड़ा। वहीं मुक्तिधाम रोड पतोरा से दिलेश कुमार पारधी के कब्जे से 30 पौवा अवैध शराब बरामद की गई।

थाना रानीतराई क्षेत्र के ग्राम घोरारी में नोगेंद्र बंजारे को अवैध शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 203 पौवा अवैध शराब तथा बिक्री की रकम जब्त की गई। इसी तरह थाना खुर्सीपार क्षेत्र में मुबारक हुसैन के पास से 32 पौवा शराब और नकदी बरामद हुई, जबकि थाना छावनी क्षेत्र में शुभम तागड़े के कब्जे से 14 बोतल शराब एवं बिक्री की रकम जब्त की गई।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 297 पौवा और 14 बोतल अवैध शराब, 20,780 रुपये नकद तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07-KA-5938 जब्त की है।

सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations