दुर्ग। दुर्ग पुलिस के ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत थाना मोहन नगर पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 150 नग अल्फाजोलम टैबलेट और बिक्री से प्राप्त 920 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त नशीली दवा की अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 9 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रीन चौक निवासी राहुल गाडा (20 वर्ष) धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी में प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेच रहा है। सूचना के आधार पर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 10 स्ट्रिप में कुल 150 नग अल्फाजोलम टैबलेट (करीब 30 ग्राम) तथा बिक्री से प्राप्त 920 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 22 एवं 27(क) के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों एवं प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री या किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Facebook Conversations