एक्टर अक्षय कुमार इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'ओह माय गॉड 2' (OMG-2) को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। अब हाल ही में अक्षय ने फिल्म से अपना फर्स्ट लुक पोस्टर सोशल मीडिया पर फैंस के साथ शेयर किया है। फिल्म के इस पोस्टर में अक्षय भगवान शिव के रूप में दिखाई दे रहे हैं। बता दें कि 2012 में रिलीज हुई 'ओह माय गॉड' (OMG) में अक्षय भगवान कृष्ण के रूप में दिखाई दिए थे।
कर्ता करे न कर सके शिव करे सो होय
अक्षय कुमार ने फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, " 'कर्ता करे न कर सके शिव करे सो होय ...।' एक महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दे को सबके सामने लाने के लिए हमारा ईमानदार और विनम्र प्रयास है। 'ओह माय गॉड 2' के लिए आपके आशीर्वाद और शुभकामनाओं की जरूरत है। इस यात्रा के माध्यम से आदियोगी की शाश्वत ऊर्जा हमें आशीर्वाद दे। हर हर महादेव।" वहीं अक्षय ने इस पोस्ट में एक दूसरा पोस्टर भी शेयर किया है जिसमें दो हाथ दिखाई दे रहे हैं। इस पोस्टर पर लिखा हुआ है, " रख विश्वास, तू है शिव का दास।" उज्जैन में 23 अक्टूबर को महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के बाद अक्षय ने 'OMG-2' के यह दो पोस्टर शेयर किए थे। यह पोस्टर फैंस को काफी पसंद आ रहे हैं और सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहे हैं।
पोस्टर शेयर करने के कुछ घंटों बाद अक्षय ने उज्जैन में फिल्म के सेट से एक वीडियो भी शेयर किया है। इस वीडियो में उनके साथ पंकज त्रिपाठी भी नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों का फिल्म से लुक भी दिखाई दे रहा है। इस वीडियो को शेयर कर कैप्शन में अक्षय ने लिखा, "ब्रह्मांड का प्रारम्भ जहां, ब्रह्मांड का प्रस्थान जहां, आदि और अनंत काल के स्वामी, भगवान महाकाल के आशीर्वाद लेने तपस्वियों की नगरी उज्जैन पहुंचे मैं और मेरे मित्र पंकज त्रिपाठी। OMG 2।"
'ओह माय गॉड 2' को अमित राय डायरेक्ट कर रहे हैं। अक्षय के अलावा इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम भी लीड रोल में नजर आएंगे। कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि 'रामायण' फेम एक्टर अरुण गोविल भी इस फिल्म में भगवान राम के अवतार में नजर आने वाले हैं। बताया गया था कि अक्षय खुद अरुण को इस फिल्म में भगवान राम के रोल में देखना चाहते थे और गोविल ने उनका ऑफर एक्सेप्ट कर लिया है।
उज्जैन में फिल्म का 17 दिन का शेड्यूल
बता दें कि अक्षय ने फिल्म की टीम के साथ मध्यप्रदेश के उज्जैन में फिल्म की शूटिंग शुरू भी कर दी है। उज्जैन में फिल्म का 17 दिन का शूटिंग शेड्यूल है। महाकाल मंदिर में भी फिल्म अक्षय पर कुछ शॉट फिल्माए जाएंगे। महाकाल मंदिर, रामघाट, कालभैरव मंदिर सहित अन्य स्थानों पर कहानी के हिसाब से शूटिंग होगी। महाकालेश्वर मंदिर सहित संतों के अलग-अलग अखाड़े और शहर के विभिन्न जगहों पर फिल्म के लिए लोकेशन तलाशी गई हैं। OMG-2 की शूटिंग उज्जैन के अलावा इंदौर में भी होगी। 7 नवंबर तक फिल्म की शूटिंग चलेगी।

Facebook Conversations